Patna Election News: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है, और इसके तुरंत बाद बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने बड़ा ऐलान किया है। मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी इस बार बिहार की सभी सीटों पर अपने दम पर उम्मीदवार उतारेगी और किसी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी।
दो चरणों में होंगे बिहार विधानसभा चुनाव
चुनाव आयोग के अनुसार, पहला चरण 6 नवंबर (गुरुवार) और दूसरा चरण 11 नवंबर (मंगलवार) को होगा। वहीं, मतगणना और नतीजों की घोषणा 14 नवंबर (शुक्रवार) को की जाएगी। बिहार में दो चरणों में मतदान के ऐलान के साथ ही राज्य की सियासत पूरी तरह गरमा गई है।
मायावती ने किया चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत
मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा —
“बहुप्रतीक्षित बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान कराने की भारत निर्वाचन आयोग द्वारा की गई घोषणा का स्वागत है।”
उन्होंने आगे कहा कि आयोग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और धन व बाहुबल के प्रभाव से मुक्त हों। मायावती ने भरोसा जताया कि आयोग सरकारी तंत्र और पुलिस के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए भी सख्त कदम उठाएगा।
बीएसपी अकेले लड़ेगी सभी सीटों पर चुनाव
बीएसपी प्रमुख ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि पार्टी बिहार में किसी भी गठबंधन से अलग होकर अकेले चुनाव लड़ेगी।
“बी.एस.पी. बिहार विधानसभा का यह चुनाव अपने बलबूते पर लगभग सभी सीटों पर लड़ेगी। पार्टी के कार्यकर्ता काफी पहले से तैयारियों में जुटे हैं और राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के नेतृत्व में ‘सर्वजन हिताय जागरण यात्रा’ जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।”
बिहार के मतदाताओं से अपील
बहुप्रतीक्षित बिहार राज्य विधानसभा आमचुनाव के लिये दो चरणों में दिनांक 6 व 11 नवम्बर को मतदान कराने की भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आज की गयी घोषणा का स्वागत।
चुनाव आयोग व्यापक जन व देशहित तथा देश में लोकतंत्र की मज़बूती के लिए मतदान की व्यवस्था जनता की चाह के मुताबिक वास्तविक रूप…— Mayawati (@Mayawati) October 6, 2025
मायावती ने बिहार के लोगों से लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा —
“बी.एस.पी. की बिहार के लोगों से विशेष अपील है कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए वोट के संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करें और ‘सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय’ की दिशा में ‘हाथी’ चुनाव चिह्न पर मतदान करें।”













