UP AQI Today: दिवाली के बाद उत्तर प्रदेश की हवा बेहद खतरनाक हो गई है। प्रदूषण का स्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसी परेशानियां हो रही हैं। कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया है।
गाजियाबाद में AQI 582, हवा हुई जहरीली
राजधानी लखनऊ, गाजियाबाद, वाराणसी और कानपुर समेत कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में है।
- गाजियाबाद: AQI 582 (PM2.5 – 367)
- लखनऊ: AQI 397 (PM2.5 – 273)
- वाराणसी: AQI 320 (PM2.5 – 200)
- कानपुर: AQI 250 (PM2.5 – 150)
पर्यावरण विशेषज्ञों के मुताबिक, वायु में PM2.5 और PM10 कणों की अधिकता से सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
दिवाली के बाद और बढ़ा प्रदूषण
दिवाली पर आतिशबाजी और मौसम के शुष्क रहने से वायु प्रदूषण का स्तर अचानक बढ़ गया है। आसमान में धुंध और कोहरा छा गया है, जिससे दृश्यता भी कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना कम है।मौसम विभाग का कहना है, “मंगलवार और बुधवार को प्रदूषण का स्तर और बढ़ेगा, क्योंकि हवा की गति कम और तापमान स्थिर रहेगा।”
तापमान रहेगा स्थिर, बारिश की संभावना नहीं
राज्य के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
- लखनऊ: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 24°C
- कानपुर: अधिकतम 32°C, न्यूनतम 23°C
- वाराणसी: अधिकतम 34°C, न्यूनतम 25°C
- गाजियाबाद: अधिकतम 32°C, न्यूनतम 22°C
- आगरा: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 24°C
बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे प्रदूषण के कण वातावरण में और अधिक समय तक बने रहेंगे।
धुंध और कोहरा बढ़ाएंगे मुश्किलें
अगले 24 घंटों में सुबह-शाम घनी धुंध और कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम रहेगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले हफ्ते में तापमान में गिरावट के साथ प्रदूषण और घना हो सकता है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सुबह-शाम बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें और बच्चों व बुजुर्गों को प्रदूषण से बचाने के उपाय करें।













