Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान के जेल से रिहा होने के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें एक अहम जिम्मेदारी सौंपी है. सपा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 20 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें आजम खान का नाम भी शामिल है.
बिहार में सपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी
सपा की ओर से जारी लिस्ट में अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, आजम खान, किरणमय नंदा, अवधेश प्रसाद, और बाबू सिंह कुशवाहा समेत 20 नेताओं के नाम हैं. इसके अलावा मुख्तार अंसारी के बेटे अफजाल अंसारी को भी सूची में शामिल किया गया है.
अन्य नामों में नरेश उत्तम पटेल, रमाशंकर विद्यार्थी राजभर, लालजी वर्मा, छोटेलाल खरवार, राजीव राय, सनातन पांडेय, लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, विधायक तेज प्रताप सिंह यादव और ओम प्रकाश सिंह शामिल हैं. साथ ही, सपा के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष काशीनाथ यादव और प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है.
बिहार में नहीं उतारे उम्मीदवार, करेंगे महागठबंधन के लिए प्रचार
हालांकि सपा ने बिहार चुनाव में अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं, लेकिन पार्टी के ये स्टार प्रचारक महागठबंधन के लिए प्रचार करेंगे. बिहार में इस बार मुख्य मुकाबला एनडीए (भाजपा-नीतीश गठबंधन) और महागठबंधन (राजद-कांग्रेस-लेफ्ट दलों) के बीच है. वहीं प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज के मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है.
बिहार में दो चरणों में होगा मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे।
- पहले चरण की 121 सीटों पर मतदान 6 नवंबर को होगा।
- दूसरे चरण की 122 सीटों पर मतदान 11 नवंबर को होगा।
पहले चरण में 1,314 और दूसरे चरण में 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं।
वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।












