Noida Airport News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार (25 अक्टूबर 2025) को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, उद्घाटन स्थल और टर्मिनल भवन की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया।
सीएम योगी ने कहा कि, “नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट सिर्फ एक हवाई अड्डा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास का प्रवेश द्वार है।” उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता और तय समय सीमा में पूरे किए जाएं और उद्घाटन समारोह की तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
उद्घाटन की तैयारियों में नहीं होगी कोई ढिलाई
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट बोर्डरूम में जिला प्रशासन, पुलिस, NIAL और निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में परियोजना की प्रगति, उद्घाटन की तैयारी और सुरक्षा प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई।
योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और यात्री सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से जुड़ी सड़कें और मेट्रो लिंक परियोजनाएं समय पर पूरी की जाएं ताकि यात्रियों को सुगमता और सुरक्षा का अनुभव मिले।
नवंबर के अंत या दिसंबर की शुरुआत में उड़ान संभव
सूत्रों के अनुसार, जेवर एयरपोर्ट से पहली उड़ान नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर की शुरुआत में टेक-ऑफ कर सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौरा बेहद अहम है क्योंकि उद्घाटन से पहले सभी कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक के दौरान सीओओ किरण जैन और NIAL के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने सुरक्षा, रनवे, यातायात और अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।
सीएम योगी ने निर्देश दिया कि एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए और सभी संपर्क मार्गों पर ट्रैफिक और पार्किंग प्रबंधन सुचारू रूप से संचालित हो।
भूमि और निर्माण लागत का विस्तृत विवरण
जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन 3,300 एकड़ भूमि पर किया जाएगा।
अब तक कुल 6,700 एकड़ भूमि का अधिग्रहण हो चुका है, जबकि शेष 5,100 एकड़ भूमि अगले तीन माह में अधिग्रहित की जाएगी।
भूमि अधिग्रहण पर लगभग ₹5,000 करोड़, जबकि एयरपोर्ट निर्माण पर ₹7,000 करोड़ की लागत आएगी।
रोजाना 150 उड़ानें, भविष्य में 30 करोड़ यात्रियों की क्षमता
उद्घाटन के समय एयरपोर्ट में एक रनवे से औसतन 150 उड़ानें प्रतिदिन संचालित होंगी, और इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 1.2 करोड़ होगी।
भविष्य में 5 रनवे तक विस्तार की योजना है, जिससे यह एयरपोर्ट प्रति वर्ष 30 करोड़ यात्रियों की सेवा करने में सक्षम होगा।
उत्तर भारत के आर्थिक विकास का प्रवेश द्वार
सीएम योगी ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर भारत में निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर खोलेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास का प्रतीक बनेगा।
“नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश के विकास का प्रतीक बनेगा, इसलिए सभी कार्य समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं,”
— योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश











