आगरा। कालिंदी विहार स्थित निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित बुद्धा पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को आगरा मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह एवं नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बुद्धा पार्क की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि निर्माणाधीन बुद्धा पार्क में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर कुछ असामाजिक तत्व चढ़कर वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, इस प्रकार की घटनाओं से अंबेडकर अनुयायियों एवं बौद्ध धर्म के अनुयायियों में रोष है और उनकी धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।
इस दौरान उपेन्द्र सिंह ने कहा कि बुद्धा पार्क करोड़ों लोगों की आस्था और सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित ठेकेदार को आवश्यक निर्देश जारी किए। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए पुलिस आयुक्त को पत्र भेजने की जानकारी दी।
नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि बुद्धा पार्क की गरिमा और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने बुद्धा पार्क की सुरक्षा के लिए निरंतर निगरानी और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग दोहराई।

इस अवसर पर एडवोकेट अर्जुन सिंह, एडवोकेट छाया वर्मा, एडवोकेट सोनिका पिप्पल, एडवोकेट लवकुश सहित अन्य प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।















