पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल एक बार फिर साथ आ गए हैं। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियों ने अपने पुराने गठबंधन को दोबारा मजबूत करने का फैसला किया है। इस राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (24 नवंबर) को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर है। इस दौरान पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी का भी उल्लेख किया।
अकाली दल की NDA में वापसी पर क्या बोले PM मोदी?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा साथ आने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, ‘पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर है. मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की NDA परिवार में वापसी हो हुई है और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर. हमारा गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले, जो राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक लेकर जाए.’
पीएम मोदी ने गठबंधन के पुराने इतिहास का जिक्र करते हुए आगे कहा, ‘अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा सींचा गया अकाली दल-BJP गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है. मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा.’
पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगा गठबंधन
बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को दिल्ली में आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया। दोनों दलों ने इसे ‘राष्ट्रीय और भावनात्मक’ गठबंधन बताया है। इस घोषणा के साथ ही दोनों पार्टियों के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक दूरी भी खत्म हो गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि बीजेपी और अकाली दल पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन की सरकार बनने की स्थिति में मुख्यमंत्री का पद शिरोमणि अकाली दल को दिया जाएगा।
अटल-आडवाणी और प्रकाश सिंह बादल के दौर वाला गठबंधन फिर चर्चा में
बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में पुराना रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने बयान में अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और सरदार प्रकाश सिंह बादल के योगदान को याद किया। अब दोनों दलों के फिर साथ आने से पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना है।













