संविधान दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूम रहे हैं, उनसे कहना चाहता हूं कि वे 15 मिनट संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान पढ़ें। अमित शाह ने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी सरकार बनने के बाद संविधान के मूल्यों और उसकी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संविधान गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया गया था।
2015 में संविधान गौरव दिवस मनाने का लिया गया फैसला
अमित शाह ने कहा, ‘संविधान का सम्मान करना हम सभी भारतीयों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण और गर्व की जिम्मेदारी है. हालांकि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की एक किताब मानने की कोशिश की गई. देश के किशोरों, युवाओं, नागरिकों में इसकी भावना को बैठाने और मजबूत करने की प्रक्रिया को भुला दिया गया. जब 2014 में नरेंद्र मोदी जी इस देश के प्रधानमंत्री बने तो 2015 में उन्होंने निर्णय लिया कि हर साल 26 नवंबर को ‘संविधान गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा, ताकि हमारे संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को हर स्कूल, कॉलेज और सभी नागरिकों तक पहुंचाया जा सके.’
गृह मंत्री ने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और उसकी भावना को समझना प्रत्येक भारतीय की जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि संविधान के मूल्यों को केवल किताब तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें नागरिकों के जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है।
संविधान नागरिकों को देता है शासन चुनने का अधिकार
संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम में अमित शाह ने संविधान की भूमिका पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को यह अधिकार देता है कि वे तय कर सकें कि उनका शासन किस तरह चलेगा। वहीं, सत्ता में बैठे लोगों को संविधान की ओर से निर्धारित सीमाओं के भीतर रहकर शासन करने का निर्देश देता है।
उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि 80 सालों में हमारे देश के लोगों ने यह साबित कर दिया है कि भले ही संविधान ने 1949 में लोकतंत्र का ढांचा दिया, लेकिन इस देश की सभ्यता ने हजारों सालों से लोकतांत्रिक मूल्यों को संजोया है, जो अब संविधान के अनुच्छेदों के जरिए सामने आ रहे हैं.’
संविधान का सम्मान सिर्फ किताब दिखाने तक सीमित नहीं
अमित शाह ने कहा कि बीते 80 वर्षों में संविधान, संवैधानिक संस्थाओं, शासन व्यवस्था और लोकतंत्र के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने संविधान के सम्मान के दो तरीकों का जिक्र करते हुए कहा कि केवल संविधान की किताब को पवित्र ग्रंथ की तरह दिखाना ही पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘इन 80 सालों में हमारे संविधान, संवैधानिक संस्थाओं, शासन व्यवस्था और लोकतंत्र में भरोसा बढ़ा है. दोस्तों, हालांकि संविधान का सम्मान करने के दो तरीके हैं. एक तरीका यह है कि जैसे हम सबने संविधान की किताब एक पवित्र ग्रंथ से आपका स्वागत किया, मैं उसे ऊपर उठाकर दिखा सकता हूं, कोई इसे अपनी जेब में रखकर लहरा सकता है और जनता को दिखा सकता है. दूसरा तरीका ये है कि संविधान ने जो कसौटियां तय की हैं, जो मानक बनाए हैं, उन पर एक व्यक्ति और एक राजनीतिक दल के रूप में खरा उतरना होता है.’














