बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों में महागठबंधन को मिली करारी हार के बाद, कल्कि धाम के पीठाधीश्वर व पूर्व कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।
बिहार चुनाव को लेकर विपक्ष द्वारा नतीजों पर उठाए जा रहे आरोपों पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, “विपक्ष अपना मानसिक संतुलन खो चुका है। मैं विपक्ष के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ।”
“राहुल गांधी ने 15 सालों में कांग्रेस को किया खत्म”
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस की दुर्दशा के लिए सीधे तौर पर राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “अगर कांग्रेस पार्टी का सत्यानाश करने का जिम्मेदार कोई नेता है तो वो राहुल गांधी हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी को हटाना नहीं चाहतें और देश की जनता राहुल गांधी को लाना नहीं चाहती है। ये झगड़ा है, ये बीमारियां हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “जिस कांग्रेस पार्टी ये फैसला कर लेगी कि राहुल गांधी को नेता पद से हटाया जाए, राहुल गांधी के नेतृत्व पद को जब कांग्रेस पार्टी ढोएगी तब तक उसकी (कांग्रेस पार्टी की) यही दुर्दशा होगी। ये बहुत बड़ी पार्टी है, दुख भी होता है कि 15 सालों में पार्टी को खत्म कर दिया।”
“राहुल गांधी जिसके साथ होंगे उनका सत्यानाश तय है”
प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस को प्रियंका गांधी या सचिन पायलट जैसे किसी अन्य नेता को कमान सौंपने की सलाह दी और कहा कि कुछ नयापन होना चाहिए, “सबकुछ बासी है, इसीलिये बिहार में ये गठबधन फेल हुआ है।”
उन्होंने नरेंद्र मोदी को गाली देने की रणनीति पर भी सवाल उठाए: “ये लोग जितना नरेंद्र मोदी को गाली देंगे, देश की जनता उतना इनसे दूर जाएगी।”
आचार्य कृष्णम ने राहुल गांधी को ‘राहू’ बताते हुए कहा कि, “राहुल गांधी ने साल 2017 में अखिलेश यादव का बेड़ागर्क किया। उनकी (अखिलेश यादव की) साइकल पंचर हो गई। अब 2025 में तेजस्वी यादव की लालटेन को फोड़ दिया। राहुल गांधी का राहू बहुत मजबूत है जिनके साथ होंगे उनका सत्यानाथ होना तय है।”
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “बिहार की जनता ने एनडीए पर भरोसा जताया है, जो सरकार बना रही है। इस बीच, राहुल गांधी सरकार बनाने के लिए विदेश गए हैं—वह वहीं सरकार बनाएंगे।”
बिहार का परिणाम राहुल गांधी के लिए ‘नसीहत’
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बिहार चुनाव परिणाम को राहुल गांधी के लिए एक सबक बताया। उन्होंने कहा कि, “बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर विश्वास किया है। और जिस तरह नरेंद्र मोदी को चोर कहा गया, उसको जनता ने नकार दिया। भारत की जनता कुछ भी बर्दाश्त कर सकती है, लेकिन कोई नरेंद्र मोदी को चोर कहे ये बर्दाश्त नहीं कर सकती है। बिहार का जो परिणाम है वो राहुल गांधी के मुंह पर तमाचा है, एक नसीहत है कि सुधर जाओ। बिहार की जनता ने वो फैसला किया है जो उसे राष्ट्र के हित में करना चाहिये था।”














