दुबई एयर शो में प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार (21 नवंबर 2025) को भारत का स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुखद हादसे में विमान में सवार पायलट की मौत हो गई है। यह घटना स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 2:10 बजे हुई।
सामने आए वीडियो में नजर आ रहा है कि हवा में कलाबाजियां करते समय तेजस विमान अचानक जमीन से टकरा गया, जिसके बाद जोरदार ब्लास्ट हुआ और घटनास्थल पर भीषण आग की लपटें उठती दिखीं। दुर्घटना के बाद आपातकालीन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं।
हादसे की पुष्टि और एयर शो स्थगित
- पुष्टि: भारतीय वायुसेना (IAF) ने दुबई में तेजस विमान के क्रैश होने की पुष्टि की है। IAF ने बताया, “दुबई एयर शो 2025 में भारतीय वायु सेना का एक तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। फिलहाल आगे की जानकारी का पता लगाया जा रहा है।”
- रोक: दुर्घटना के बाद दुबई एयर शो को अस्थाई तौर पर रोक दिया गया है।
हादसे का कारण
हजारों दर्शकों के सामने हवा में मोड़ लेते समय अचानक पायलट ने स्वदेशी लड़ाकू विमान LCA तेजस पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण विमान तेजी से जमीन से टकरा गया।
तेजस विमान से जुड़ी दूसरी दुर्घटना
तेजस एक 4.5-जेनरेशन का मल्टी-रोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है, जिसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने बनाया है। यह विमान अपनी क्लास के सबसे हल्के और सबसे छोटे फाइटर प्लेन में से एक माना जाता है।
गौरतलब है कि यह तेजस विमान से जुड़ी दूसरी दुर्घटना है। इससे पहले पहली दुर्घटना 2024 में जैसलमेर के पास हुई थी।














