आगरा के कालिंदी विहार स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय बुद्धा पार्क में शनिवार को सामाजिक समरसता एवं बुद्ध वंदना कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान बुद्धा पार्क के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। भाजपा नेता ईजी. किशन सीटू चौहान ने भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह सहित प्रमुख पदाधिकारियों को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मान दिया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और भगवान गौतम बुद्ध के विचारों तथा सामाजिक एकता का संदेश दिया।
उपेंद्र सिंह समेत समाजसेवियों को चांदी का मुकुट पहनाकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता ईजी. किशन सीटू चौहान ने भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, संरक्षक नत्थी सिंह जसोरा, राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार और प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह को सम्मानित किया। बुद्धा पार्क के निर्माण एवं विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए सभी को चांदी का मुकुट पहनाया गया।
इस अवसर पर सीटू चौहान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बुद्धा पार्क के निर्माण और विकास के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
हवाई पुष्प वर्षा के बीच हजारों लोगों ने की बुद्ध वंदना
कार्यक्रम में बुद्ध वंदना के दौरान लगातार की गई हवाई पुष्प वर्षा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। फूलों की वर्षा के बीच हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने हर्षोल्लास के साथ बुद्ध वंदना में सहभागिता की। पूरा परिसर भगवान गौतम बुद्ध के संदेशों, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे के भाव से गुंजायमान रहा।
आयोजन के माध्यम से समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करने के साथ ही महापुरुषों के विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कई जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता और समाजसेवी रहे मौजूद
इस आयोजन में भाजपा बृज क्षेत्र महामंत्री अशोक पिप्पल, पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. रामबाबू हरित और भाजपा जिला प्रभारी घनश्याम लोधी सहित कई प्रमुख लोग शामिल हुए।
इसके अलावा चंद्रभान ठेकेदार, रचना सिंह, लायक सिंह, प्रमुख समाजसेवी मुकेश गुप्ता, आर.आर.पी. सिन्हा, धर्मेंद्र सिंह, चंद्रपाल चाहर, किरावली चेयरमैन प्रतिनिधि अभिजीत इंदौलिया, महिपाल सिंह, सुशील यादव, आदित्य अग्रवाल, सुरेंद्र जाटव और आनंद कुमार समेत हजारों लोगों की उपस्थिति रही।















