बीजिंग/शिनजियांग: इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में चीन ने एक और नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। चीन ने अपने शिनजियांग प्रांत में दुनिया की सबसे लंबी ‘तियानशान शेंगली सुरंग’ (Tianshan Shengli Tunnel) को आम लोगों के लिए खोल दिया है। शुक्रवार (26 दिसंबर, 2025) को शुरू हुई यह सुरंग इंजीनियरिंग का एक बेजोड़ नमूना है। 22.13 किलोमीटर लंबी यह सुरंग उत्तर-पश्चिम चीन के उइगर क्षेत्र में स्थित विशाल तियानशान पहाड़ों के नीचे से होकर गुजरती है।
7 घंटे का सफर अब सिर्फ 3 घंटे में
इस सुरंग के खुलने से पहाड़ी इलाकों की दुर्गम यात्रा बेहद सुगम हो गई है।
- सफर में बचत: यह सुरंग G0711 उरूमकी-युली एक्सप्रेसवे का हिस्सा है। इसके खुलने से शिनजियांग की राजधानी उरूमकी और कोरला के बीच यात्रा का समय 7 घंटे से घटकर लगभग 3 से 3.5 घंटे रह गया है।
- सुरंग पार करने का समय: तियानशान पर्वत श्रृंखला को पार करने में जहां पहले घंटों लगते थे, अब इस सुरंग के जरिए यह सफर मात्र 20 मिनट में पूरा हो जाएगा।
लागत और इंजीनियरिंग देख दुनिया हैरान
चाइना कम्युनिकेशंस कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट को पूरा करना आसान नहीं था।
- लागत: इस परियोजना को पूरा करने में चीन ने करीब 6.6 अरब अमेरिकी डॉलर (अरबों रुपये) खर्च किए हैं।
- निर्माण: इसका निर्माण कार्य साल 2020 में शुरू हुआ था। यह सुरंग 16 प्रमुख जियोलॉजिकल फॉल्ट जोन (भूगर्भीय दोष क्षेत्रों) से होकर गुजरती है, जो इसे तकनीकी रूप से बेहद जटिल बनाता है।
बनाए दो बड़े विश्व रिकॉर्ड
इस सुरंग ने खुलते ही दो बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं:
- यह दुनिया की सबसे लंबी एक्सप्रेसवे (हाइवे) सुरंग है।
- इसमें किसी भी अन्य हाईवे टनल की तुलना में सबसे गहरी वर्टिकल शाफ्ट मौजूद है।
यह एक्सप्रेसवे शिनजियांग के उत्तर और दक्षिण में स्थित शहरों को जोड़ने वाली एक प्रमुख ‘ट्रांसपोर्ट आर्टरी’ के रूप में काम करेगा, जिससे व्यापार और आवाजाही में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।














