उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में आस्था और अध्यात्म के बीच लग्जरी का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। संगम तट पर कल्पवास कर रहे चर्चित संत ‘सतुआ बाबा’ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा का कारण उनका कोई बयान नहीं, बल्कि उनकी नई सवारी है। लैंड रोवर डिफेंडर और पोर्श जैसी महंगी गाड़ियां रखने वाले सतुआ बाबा अब डेढ़ करोड़ की चमचमाती मर्सिडीज लेकर मेले में पहुंचे हैं, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है।
‘देश प्रगति के पथ पर है’
बाबा ने अपने शिविर में नई कार की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। इस मौके पर उन्होंने बदलते दौर और माघ मेले के बदलते स्वरूप पर अपनी बात रखी। लग्जरी कार खरीदने के औचित्य पर उन्होंने कहा, “समय के साथ माघ मेले का स्वरूप भी बदल रहा है. पहले लोग मेले से खिलौने, गुब्बारे या छोटी-मोटी चीजें लेकर लौटते थे, लेकिन अब देश प्रगति के पथ पर है. आज मेले में आधुनिक सुविधाएं और लग्ज़री वस्तुएं भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रही हैं.”
महंगी गाड़ियां नहीं, सनातन की निरंतर यात्रा
अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर उठने वाले सवालों पर सतुआ बाबा ने इसे सनातन परंपरा से जोड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि, “यह केवल महंगी गाड़ियों का काफिला नहीं है, बल्कि यह सनातन परंपरा की एक निरंतर चलने वाली यात्रा है, जो कभी थमती नहीं और समय के साथ आगे बढ़ती रहती है.” उन्होंने भारत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए देश को फिर से ‘सोने की चिड़िया’ बताया और कहा कि देश हर क्षेत्र में तरक्की के लिए पूरी तरह तैयार है और आने वाला समय भारत के लिए स्वर्णिम साबित होगा।
सीएम योगी के दौरे से सियासी गलियारों में भी चर्चा
सतुआ बाबा ने समाज को मतभेद भुलाकर सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “जो लोग अंधकार फैलाने की कोशिश करेंगे, उन्हें समाज स्वीकार नहीं करेगा, जबकि जो प्रकाश और अच्छाई का मार्ग दिखाएंगे, उनका खुले दिल से स्वागत होगा.”
गौरतलब है कि सतुआ बाबा का राजनीतिक रसूख भी इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। हाल ही में डीएम प्रयागराज से उनकी नजदीकी को लेकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने नाराजगी जताई थी। हालांकि, इसके बाद खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सतुआ बाबा के शिविर में पहुंचे थे, जिसके बाद से बाबा का कद और चर्चा दोनों बढ़ गए हैं।














