उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बिसात बिछने लगी है और बयानबाजी का दौर तीखा हो गया है। ‘बटोगे तो कटोगे’ और ‘एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे’ जैसे नारों पर अब कांग्रेस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने एक ऐसी सियासी गुगली फेंकी है, जिस पर बीजेपी असहज हो सकती है। यूपी कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पडरौना में आयोजित एक ‘जनाक्रोश सभा’ के दौरान सीधे सीएम योगी को खुली चुनौती दी है। लल्लू ने कहा कि अगर सीएम योगी वाकई मानते हैं कि सारे हिंदू एक हैं, तो उन्हें गोरखनाथ मठ का अगला पीठाधीश्वर किसी दलित, पिछड़े, आदिवासी या ब्राह्मण समाज के व्यक्ति को घोषित करना चाहिए।
‘वंशवाद की देन है योगी की कुर्सी!’
अजय कुमार लल्लू ने सीएम योगी पर तीखा हमला बोलते हुए सीधे तौर पर उन पर ‘वंशवाद’ का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “योगी आदित्यनाथ जी आप दलित के घर भोजन करने जाते हैं। आप कहते हैं सारे हिंदू एक हैं। हम भी मानते हैं कि सारे हिन्दू एक है… लेकिन आपको गोरखपीठ का पीठाधीश्वर महंत अवैद्यनाथ जी ने इसलिए बना दिया क्योंकि आप उनके मामा के लड़के के लड़के हैं। आप उनके भतीजे लगेंगे, इसलिए आपको गद्दी मिल गई।” कांग्रेस नेता ने पूछा कि क्या यह वंशवाद नहीं है? उन्होंने सवाल दागा कि 20 हज़ार करोड़ से अधिक की संपत्ति वाली गोरखनाथ पीठ का मठाधीश क्या कभी कोई दलित या पिछड़ा बन पाएगा? लल्लू ने कहा, “अगर आपमें हिम्मत है, तो आने वाले समय में अपनी पीठ का पीठाधीश्वर किसी दलित, पिछड़ा, आदिवासी या ब्राह्मण को घोषित करिये, तब मैं मान जाऊंगा कि आप असल में हिन्दू हृदय सम्राट हैं।”
अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर भी साधा निशाना
गोरखनाथ पीठ और हिंदुत्व के मुद्दे के साथ-साथ अजय कुमार लल्लू ने हाल ही में अमेरिका के साथ हुई ‘भारत-यूएस ट्रेड डील’ को लेकर भी केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को धर्म की चाशनी में डुबोकर गुमराह कर रही है, जबकि इस ट्रेड डील ने भारत के किसानों की बर्बादी पर आधिकारिक मुहर लगा दी है।














