दिल्ली की सत्ता में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार का एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को दिल्ली सचिवालय में एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी पूरी कैबिनेट के साथ दिल्ली की जनता के सामने सरकार के कामकाज का ‘रिपोर्ट कार्ड’ पेश किया। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट कार्ड महज कागजों का पुलिंदा नहीं, बल्कि सरकार के परिश्रम और ईमानदारी का परिणाम है। सीएम ने पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि हमने दिल्ली को ‘बहानों की राजनीति’ से निकालकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है, यह ‘मैं’ की नहीं बल्कि ‘हम’ की राजनीति है।
इस दौरान सरकार की उपलब्धियों (स्वास्थ्य, शिक्षा, यमुना सफाई, इंफ्रास्ट्रक्चर) पर आधारित एक विशेष वीडियो भी जारी किया गया। आइए एक नजर डालते हैं CM रेखा गुप्ता द्वारा गिनाई गई 1 साल की बड़ी उपलब्धियों पर:
स्वास्थ्य और गरीब कल्याण में बड़े बदलाव
- आयुष्मान भारत लागू: पहली ही कैबिनेट बैठक में 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य कवर वाली आयुष्मान योजना लागू की गई, जिससे अब तक 30 हजार से ज्यादा लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
- आरोग्य मंदिर: दिल्ली भर में 370 ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ बनकर तैयार हैं।
- डिजिटल हेल्थ: अस्पतालों में भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए ओपीडी (OPD) अपॉइंटमेंट और मरीजों का डेटा पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है।
- नर्सिंग भत्ता बढ़ा: नर्सिंग इंटर्न का भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर सीधा 13,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
श्रमिकों और महिलाओं के लिए सौगात
- अटल कैंटीन: गरीबों और मजदूरों के लिए 70 ‘अटल कैंटीन’ शुरू की गई हैं, जहां रोजाना करीब 70 हजार लोगों को सम्मानजनक और सस्ता भोजन मिल रहा है।
- पालना केंद्र: कामकाजी माताओं की सुविधा के लिए 500 नए पालना केंद्र (Creches) खोले गए हैं। साथ ही, दिल्ली के मजदूरों को देश में सबसे अधिक न्यूनतम मजदूरी दी जा रही है।
झुग्गी विकास, पानी और सीवर
- पक्के मकान: झुग्गी विकास के लिए 700 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। पहले चरण में 13 हजार परिवारों को पक्के मकान सौंपे जाएंगे।
- वॉटर एमनेस्टी योजना: पानी के बिलों से परेशान जनता को राहत देते हुए इस योजना के तहत 1400 करोड़ रुपये की छूट दी गई है।
- सीवर नेटवर्क: 180 किलोमीटर नई सीवर लाइन बिछाई गई है। चंद्रावल प्लांट की 105 MGD क्षमता इसी साल पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
यमुना की सफाई और प्रदूषण पर प्रहार
- STP अपग्रेड: यमुना सफाई के लिए 37 में से 28 एसटीपी (STP) को अपग्रेड कर दिया गया है। 34 नए एसटीपी के टेंडर जारी हो चुके हैं।
- ग्रीन दिल्ली: प्रदूषण कम करने के लिए 35 लाख पौधे लगाने, 4000 ईवी (EV) बसें चलाने और 9000 चार्जिंग स्टेशन बनाने पर काम चल रहा है।
- कूड़े के पहाड़: दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्त करने के लिए रोजाना 30 हजार मीट्रिक टन कचरे की प्रोसेसिंग की जा रही है।
जनता से सीधा संवाद: खुला जनसुनवाई पोर्टल
सरकार ने पारदर्शिता को बढ़ावा देते हुए ‘जनसुनवाई पोर्टल’ को पूरी तरह से दिल्ली की जनता के लिए खोल दिया है। अब कोई भी नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर सकता है और उसका रियल-टाइम अपडेट भी पा सकता है।














