होली के रंग अभी पूरी तरह चढ़े भी नहीं हैं, लेकिन यूपी-बिहार की सियासत में ‘चुनावी और सियासी होली’ का रंग अभी से गाढ़ा होने लगा है। भोजपुरी सुपरस्टार और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी का नया होली सॉन्ग ‘होलरिया’ रिलीज होते ही विवादों में आ गया है। इस गाने में होली की मस्ती के बहाने विपक्ष पर जमकर सियासी गुलाल (तंज) फेंका गया है, जिसके बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है।
‘होलरिया’ गाने में क्या है ऐसा जिसने बढ़ाया सियासी पारा?
मनोज तिवारी के ‘मृदुल म्यूजिक’ द्वारा 20 फरवरी 2026 को लॉन्च किए गए इस एल्बम के टाइटल ट्रैक ‘होलरिया’ में कई राजनेताओं के मुखौटे (Masks) पहने हुए पात्रों को दिखाया गया है।
- राहुल गांधी पर तंज: गाने के बोल में कहा गया है कि ‘राहुल साजिश के रंग फेंक रहे हैं।’
- अखिलेश यादव पर निशाना: अखिलेश यादव का मुखौटा पहने एक पात्र पर तंज कसते हुए कहा गया है, ‘अखिलेश बिहार क्यों आए, यहां भी टोटी सूख गई।’
- बीजेपी नेताओं की तारीफ: गाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और रवि किशन, निरहुआ व खेसारी लाल जैसे सितारों के मुखौटे भी इस्तेमाल किए गए हैं, जो होली का जश्न मनाते दिख रहे हैं।
- जबरदस्त व्यूज: रिलीज होने के मात्र 5 दिन के भीतर ही इस गाने ने 1.1 मिलियन (11 लाख) से ज्यादा व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है। एक तरफ बीजेपी समर्थक इसे खूब पसंद कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ सपा-कांग्रेस के समर्थक भारी नाराजगी जता रहे हैं।
अखिलेश यादव ने दिया अल्टीमेटम: ‘अब हमारी बारी है…’
मनोज तिवारी के इस गाने पर खुद अखिलेश यादव ने बेहद चुटीले अंदाज में पलटवार किया। सपा चीफ ने तिवारी के पुराने समाजवादी दिनों की याद दिलाते हुए कहा, “मनोज तिवारी बहुत पुराने समाजवादी रहे हैं। उनका पॉलिटिकल प्रोफाइल हम ही लोगों ने शुरू कराया था। उन्होंने होली पर हमें याद किया, इसके लिए उन्हें बहुत बधाई। लेकिन अब शुरुआत उन्होंने की है, तो कल को अगर हम लोग भी कोई गाना बनाएं, तो वे बुरा न मानें।”
कांग्रेस भी मैदान में: ‘जोगीरा… गाएंगे हम भी’
इस सियासी होली में कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “जोगीरा… गाएंगे हम भी, फिर उन्हें सुनना पड़ेगा।” वहीं, तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मनोज तिवारी ने मोदी जी को बदनाम करने की सुपारी शायद डोनाल्ड ट्रंप से ले रखी है।














