उत्तर प्रदेश के Jaunpur जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब बारात लेकर जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के पास हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। शादी का माहौल अचानक मातम में बदल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ओवरटेक कर की गई फायरिंग, दूल्हा गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और दूल्हे की गाड़ी को ओवरटेक कर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दूल्हा आजाद बिंद गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन और बारात में शामिल लोगों ने घायल दूल्हे को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 27 वर्षीय आजाद बिंद पुत्र राम लखन बिंद के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, कई टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है।
SSP का खुलासा, रिश्तेदारी विवाद में हत्या का आरोप
इस मामले में एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दुल्हन का एक रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस शादी से नाखुश था। वह अपने साथी रवि यादव के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और दूल्हे पर गोली चला दी। उन्होंने कहा, “खेता सराय थाना क्षेत्र में एक बारात पर गोलीबारी की सूचना मिली थी. जांच करने पर पता चला कि आजाद बिंद नाम के एक युवक की बारात इस इलाके से गुजर रही थी. दुल्हन का एक रिश्तेदार, प्रदीप बिंद, इस शादी से नाखुश था और अपने साथी रवि यादव के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचा. उसने दूल्हे पर गोली चला दी, जिससे अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई.”
आरोपियों की तलाश जारी, इलाके में दहशत
परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।














