उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पौराणिक पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ को पूरे प्रदेश में टैक्स फ्री (Tax Free) करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार के ठीक बाद लोकभवन सभागार में आयोजित एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान सीएम योगी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और दोनों उपमुख्यमंत्रियों सहित समस्त मंत्रिमंडल ने यह फिल्म देखी। फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान पूरा हॉल ‘राधे-राधे’ और ‘कृष्ण-कृष्ण’ के जयघोष से भक्तिमय हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने न केवल फिल्म को कर-मुक्त करने की घोषणा की, बल्कि सूचना विभाग को निर्देश दिया कि प्रत्येक जनपद में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाए ताकि युवा पीढ़ी अपनी सनातन विरासत को समझ सके।
द्वापर युग की भव्यता और मानवीय दृष्टिकोण: राज्यपाल की नातिन ने निभाया मुख्य किरदार
फिल्म ‘कृष्णावतारम्’ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को एक मानवीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है, जिसमें द्वापर युग और भारतीय सनातन परंपरा के विभिन्न आयामों को भव्यता के साथ दर्शाया गया है। फिल्म की एक और खास बात यह है कि इसमें मुख्य पात्र ‘सत्यभामा’ का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री संस्कृति, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की नातिन हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कलाकारों का सम्मान करते हुए कहा कि यह फिल्म भारत की संस्कृति और परंपराओं के इतिहास को मुख्यधारा में प्रस्तुत करती है। निर्देशक हार्दिक गज्जर द्वारा निर्देशित यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज हुई है, जिसमें जैकी श्रॉफ और आशुतोष राणा जैसे दिग्गज कलाकारों ने अभिनय किया है।















