उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath अब गोरखपुर को विश्व स्तरीय खेल सुविधाओं की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री 16 मई, शनिवार को गोरखपुर में बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। यह पूर्वांचल का पहला और उत्तर प्रदेश का चौथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा।
गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में बनने वाला यह स्टेडियम करीब 392.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।
निर्माण कार्य के लिए पहली किश्त जारी
स्टेडियम निर्माण के लिए सरकार की ओर से पहली किश्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक एलाइनमेंट, मिट्टी भराई, लेवलिंग और बड़े निर्माण उपकरणों की स्थापना का काम भी शुरू हो गया है।
लोक निर्माण विभाग को इस परियोजना की जिम्मेदारी दी गई है और लक्ष्य रखा गया है कि 23 दिसंबर 2027 तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए।
CM योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा स्टेडियम
गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल बताया जा रहा है। इससे पहले उत्तर प्रदेश में कानपुर और लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मौजूद हैं, जबकि वाराणसी में नया स्टेडियम निर्माणाधीन है।
मुख्यमंत्री की मंशा के बाद जिला प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पर्याप्त जमीन की तलाश की थी, जिसके बाद ताल नदोर क्षेत्र को चुना गया।
46 एकड़ में बनेगा वर्ल्ड क्लास स्टेडियम
यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम करीब 46 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा। स्टेडियम की कुल दर्शक क्षमता 30 हजार होगी और इसे ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ मॉडल पर तैयार किया जाएगा।
मैदान में खिलाड़ियों के लिए 7 प्लेइंग पिच और 4 प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में लगभग 14,490-14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी।
इसके अलावा नॉर्थ पैवेलियन मीडिया के लिए और साउथ पैवेलियन विशिष्ट अतिथियों के लिए तैयार किया जाएगा।
रात में भी हो सकेंगे इंटरनेशनल मैच
रात्रिकालीन मुकाबलों के आयोजन के लिए स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार चार हाई मास्ट लाइट लगाई जाएंगी। यहां सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अन्य बड़े आयोजन भी कराए जा सकेंगे।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन से बेहतरीन कनेक्टिविटी
स्टेडियम की लोकेशन कनेक्टिविटी के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे से जुड़ा यह स्थान गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 20 किलोमीटर दूर है।
ऐसे में खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए यहां पहुंचना आसान रहेगा।
इलाके के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
गोरखपुर के जिलाधिकारी Deepak Meena ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनने से गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर बहुआयामी विकास का नया मॉडल देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पहले से पशु चिकित्सा महाविद्यालय और वृहद कान्हा गोशाला जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऐसे में व्यापार, सेवा क्षेत्र और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।















