उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने का मुद्दा राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी की विशेष कार्यशाला में हिस्सा लिया। बैठक में पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों को बुलाया गया। इसमें मतदाता सूची से छूटे हुए पात्र लोगों के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी वैध मतदाता सूची से बाहर न रहे।
मतदाता सूची का पुनरीक्षण 17 नवंबर से शुरू होना है। इसी प्रक्रिया के दौरान छूटे हुए योग्य मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा। बीजेपी संगठन ने इस संबंध में बूथ स्तर तक निगरानी और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया है।
छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने की रणनीति पर चर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के बयान के बाद बीजेपी संगठन SIR को लेकर सक्रिय हो गया है। विशेष कार्यशाला में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया, बूथ स्तर पर निगरानी और सूची से बाहर रह गए पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से बाहर न रहे। इसके लिए संबंधित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर छूटे हुए नामों की पहचान करने तथा उन्हें दोबारा जुड़वाने की प्रक्रिया में सहयोग करने की जिम्मेदारी दी गई।
क्या है 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने का मामला?
दरअसल, 30 अक्टूबर को बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SIR के बाद तैयार की गई मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। इस बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
वहीं, इस मुद्दे पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम नहीं कटा है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता यहीं मौजूद हैं और उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएंगे। इस तरह बीजेपी नेताओं के बयानों के बीच SIR और मतदाता सूची का मुद्दा चर्चा में बना हुआ है।
सपा-कांग्रेस और ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर केशव मौर्य का हमला
बीजेपी की विशेष कार्यशाला में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रचंड बहुमत से सरकार बनने की संभावना से विपक्षी दल परेशान हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन को ‘ठगबंधन’ करार दिया। उन्होंने कहा कि ये सभी गठबंधन जनता को गुमराह करने में सफल नहीं होंगे और प्रदेश की जनता का बीजेपी पर पूरा भरोसा है।
डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से कटे हैं, उनके पास दोबारा नाम जुड़वाने का मौका है। उन्होंने पार्टी संगठन को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि बीजेपी संगठन की ताकत के दम पर ही चुनाव मैदान में उतरती है।














