उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान दो नगर पंचायतों के नाम बदलने का बड़ा ऐलान किया है. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खिरौनी सुचित्तागंज नगर पंचायत का नया नाम अब मां ज्वाला जी नगर पंचायत होगा, जबकि भदरसा नगर पंचायत को अब भरतनगर-भरत कुंड नगर पालिका के नाम से जाना जाएगा.
मुख्यमंत्री शुक्रवार को अयोध्या के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने करीब 432 करोड़ रुपये की लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान सोहावल विकास खंड परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दोनों नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा की.
मंच से CM योगी ने किए नए नामों का ऐलान
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिरौनी सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला जी के नाम पर रखने की लंबे समय से मांग की जा रही थी. इसी को देखते हुए अब इस नगर पंचायत को मां ज्वाला जी नगर पंचायत के नाम से जाना जाएगा.
उन्होंने यह भी घोषणा की कि भदरसा नगर पंचायत का नाम भगवान श्रीराम के छोटे भाई भरत के सम्मान में बदलकर भरतनगर-भरत कुंड नगर पालिका किया जाएगा.
भरत के त्याग और समर्पण का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में भगवान भरत के त्याग और समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 14 वर्षों तक भरत कुंड के पास रहकर भगवान राम की आज्ञा का पालन किया था. उन्होंने कहा कि भगवान राम की चरण पादुकाओं के माध्यम से अयोध्या का संचालन होता रहा और भरत जैसा भाई मिलना अत्यंत दुर्लभ है. मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या का यह सौभाग्य है कि यहां भगवान राम के साथ लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न जैसे आदर्श भाई भी जन्मे.
अयोध्या की पहचान और विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश और दुनिया में अयोध्या की अलग पहचान बन चुकी है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अतीत में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ने के लिए लोगों को इकट्ठा करने का प्रयास किया गया था. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या समाजवादी पार्टी कभी जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित करवा सकती है?















