उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फोन पर उनसे बातचीत कर शोक संवेदना व्यक्त की। सावित्री देवी ने 91 वर्ष की आयु में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और केवल परिवार के सदस्यों को ही पहचान पा रही थीं। शुक्रवार (20 नवंबर 2026) को उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री की मां के निधन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान और नितिन गडकरी सहित कई नेताओं ने दुख जताया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी शोक संदेश जारी कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।
मां के जाने से होने वाली जीवन की क्षति की भरपाई संभव नहीं- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी श्रीमती सावित्री देवी का निधन अत्यंत दुःखद है. मां का जाना जीवन की वह क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती.’
उन्होंने आगे कहा, ‘दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं सीएम योगी और समस्त शोक संतप्त परिवार के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. ऊं शांति शांति शांति.’
मां का साथ जीवन का सबसे बड़ा संबल होता है- जेपी नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी एक्स पर शोक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के स्वर्गवास का समाचार अत्यंत दुःखद है. मां का साथ जीवन का सबसे बड़ा संबल होता है. जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का बिछड़ना हृदय को भीतर तक झकझोर देने वाला ऐसा दुःख है, जिसकी पीड़ा शब्दों में व्यक्त नहीं की जा सकती. इस शोक की घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें. ऊं शांति शांति शांति.’
शिवराज सिंह चौहान और नितिन गडकरी ने भी जताया दुख
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सावित्री देवी के निधन पर शोक जताते हुए लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दुःखद है. इस दुःखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं सीएम योगी एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. मां की सन्निधि जीवन का सबसे पवित्र संबल होता है. उनका वात्सल्य, संस्कार और जीवनमूल्य संतान के अंतर्मन में आजीवन विद्यमान रहते हैं. प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें. ऊं शांति!’
वहीं, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी एक्स पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि. इस दुःखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं सीएम योगी जी और समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें. ॐ शांति.’
नितिन नवीन ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है. मां का साया जीवन का बहुत बड़ा संबल होता है. उनके जाने से उपजे दुःख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और योगी आदित्यनाथ एवं समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति!’
अखिलेश यादव ने दी विनम्र श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए हम प्रार्थना करते हैं. शोक संतप्त परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं.’
सांसद रवि किशन ने भी जताया शोक
गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा, ‘परम पूज्य महाराज और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताश्री के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है. मां केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि जीवन की प्रथम गुरु, संस्कारों की जननी और त्याग, तपस्या एवं वात्सल्य की साक्षात प्रतिमूर्ति होती हैं. पूज्य माताश्री का जीवन जिस सादगी, धैर्य, त्याग और उच्च संस्कारों से परिपूर्ण रहा, वह सदैव स्मरणीय रहेगा. उत्तर प्रदेश की पावन धरती को परम पूज्य महाराज जैसे तेजस्वी, तपस्वी, धर्मनिष्ठ एवं राष्ट्र और समाज की सेवा के प्रति पूर्णतः समर्पित व्यक्तित्व का गौरव प्रदान करने वाली ऐसी महान मां का मातृत्व नमन और वंदन के योग्य है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘उनके द्वारा दिए गए संस्कार, आदर्श और जीवन-मूल्य सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे. इस दुःख की घड़ी में मेरी गहरी शोक संवेदनाएं परम पूज्य महाराज और समस्त शोकाकुल परिवार के साथ हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और परम पूज्य महाराज सहित समस्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.’














