आगरा। आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की बरौली अहीर नवीन सब्जी मंडी को अविलंब पूर्ण रूप से संचालित किए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों की ओर से शुक्रवार को फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर को ज्ञापन सौंपा गया। भाजपा नेता उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में मंडी को शीघ्र शुरू कराने और संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने बताया कि बरौली अहीर नवीन सब्जी मंडी को चालू कराने की मांग को लेकर क्षेत्रवासी पिछले सात दिनों से धरने पर बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बसई स्थित कलुआ राम की मंडी अवैध रूप से संचालित हो रही है, लेकिन प्रशासन अब तक उसे बंद कराने में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सका है।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सांसद राजकुमार चाहर ने इस जनसमस्या पर अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले के समाधान के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बरौली अहीर नवीन सब्जी मंडी को शीघ्र पूर्ण रूप से संचालित कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
इस दौरान ठा. वीरेंद्र सिंह, प्रवेंद्र धाकरे सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, किसान एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि सांसद के हस्तक्षेप के बाद जल्द ही मंडी का संचालन शुरू होगा और किसानों व व्यापारियों को राहत मिलेगी।














