दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को फ्लाईदुबई विमान घटना में बहादुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर से अस्पताल में मुलाकात की। इस दौरान क्राउन प्रिंस ने पायलट को गले लगाया, उनका माथा चूमा और उनकी बहादुरी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि स्मित माछर उनकी टीम का हिस्सा हैं।
क्राउन प्रिंस ने अस्पताल में पायलट से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शेयर कीं। अपने पोस्ट में उन्होंने कैप्टन स्मित माछर की बहादुरी और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा, ‘कैप्टन स्मित माछर से मुलाकात के दौरान… फ्लाईदुबई के उस पायलट से, जिन्होंने साहस, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी के प्रति संवेदनशीलता की सबसे बड़ी मिशाल पेश की है.’
स्मित माछर की बहादुरी की क्राउन प्रिंस ने की तारीफ
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने अपने पोस्ट में भारतीय पायलट की बहादुरी और उनके योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘हमारे और देश के नेतृत्व की तरफ से, हम उनके प्रति पूर्ण सम्मान और प्रशंसा व्यक्त करते हैं. हमें इस बात पर गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा है, हमारे देश की कहानी का हिस्सा हैं और करूणा, शांति और जीवन से भरे हमारे देश संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के आदर्शों का हिस्सा है.’
क्राउन प्रिंस की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब फ्लाईदुबई विमान में हुई घटना के दौरान कैप्टन स्मित माछर द्वारा दिखाई गई बहादुरी की चर्चा हो रही है। अस्पताल में मुलाकात के दौरान दोनों के बीच बातचीत भी हुई।
कॉकपिट में हमले के बाद घायल हुए थे भारतीय पायलट
भारतीय पायलट स्मित माछर दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के कैप्टन थे। विमान में उनके साथ ओमानी नागरिक को-पायलट हमाम अल हमामी मौजूद था।
घटना के दौरान को-पायलट ने कथित तौर पर कॉकपिट में रखी क्रैश एक्स से कैप्टन स्मित पर हमला कर दिया। इसके बाद कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान विमान कुछ ही मिनटों में अपनी निर्धारित ऊंचाई से हजारों फीट नीचे चला गया और दुर्घटना की स्थिति की ओर बढ़ने लगा।
हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित माछर ने सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद विमान में मौजूद यात्री कॉकपिट के अंदर पहुंचे और हमलावर को काबू में किया।
172 यात्रियों और क्रू की जान बचाने के लिए मिली सराहना
घटना के दौरान विपरीत परिस्थितियों में कैप्टन स्मित माछर द्वारा दिखाई गई बहादुरी और सूझबूझ की दुनियाभर में सराहना की जा रही है। विमान में कुल 172 यात्री और क्रू सदस्य मौजूद थे।
भारतीय पायलट की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई नेताओं ने भी प्रशंसा की है।
दुबई के क्राउन प्रिंस की अस्पताल में स्मित माछर से मुलाकात भी इसी सम्मान का हिस्सा रही। मुलाकात के दौरान उन्होंने पायलट के साहस और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए उन्हें UAE की टीम और देश की कहानी का हिस्सा बताया।















