बिलकिस बानो मामले में दो दोषियों की उम्रकैद की सजा निलंबित कर उन्हें जमानत दिए जाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने इस फैसले की आलोचना करते हुए कहा है कि “बिलकीस को एक बार फिर अपमान और मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ रही है तथा एक महिला व मुस्लिम होने की कीमत चुकानी पड़ रही है.”
पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर कहा कि दो दोषियों को जमानत मिलने के बाद बिलकिस बानो ने बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि यह फैसला उन्हें बिना जानकारी दिए लिया गया और अब वह जमानत के आदेश को चुनौती देंगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि उनके साथ हुई क्रूर घटना के बाद उन्हें दोबारा अपमान और मानसिक आघात से गुजरना पड़ रहा है।
बिलकिस बानो ने फैसले पर जताई हैरानी और रोष
बिलकिस बानो ने सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश पर हैरानी और अविश्वास जताया है, जिसमें गुजरात में 2002 के दंगों के दौरान उनके साथ गैंगरेप और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए दो लोगों की उम्रकैद की सजा निलंबित कर उन्हें जमानत दी गई।
पवन खेड़ा ने अपने बयान में बिलकिस बानो की पीड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इस फैसले की जानकारी तक नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा, “दो दोषियों को जमानत दिए जाने के बाद बिलकीस बानो ने एक बयान जारी कर कहा है कि यह फैसला उन्हें सूचित किए बिना लिया गया. उन्होंने (बिलकीस बानो ने ) यह भी घोषणा की है कि वह जमानत के फैसले को चुनौती देंगी. उनके साथ हुई क्रूर और जघन्य वारदात ही क्या कम थी कि अब उन्हें एक बार फिर अपमान और मानसिक आघात झेलने के लिए मजबूर किया जा रहा है. एक महिला होने और उससे भी अधिक मुस्लिम होने की यही कीमत चुकानी पड़ती है.’’
सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर को दिया था जमानत का आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने 28 अक्टूबर को अपने आदेश में बिलकिस बानो गैंगरेप मामले के दो दोषियों बिपिन चंद्र जोशी और प्रदीप मोरधिया की उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी थी। इसके साथ ही दोनों को जमानत देने का फैसला सुनाया था।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। साथ ही, उनमें से एक गंभीर रूप से दिव्यांग है। इसी आधार पर उनकी सजा निलंबित करते हुए जमानत दी गई।
2002 के दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ हुआ था गैंगरेप
बिलकिस बानो फरवरी 2002 में गोधरा ट्रेन अग्निकांड के बाद गुजरात में भड़के सांप्रदायिक दंगों के दौरान गैंगरेप का शिकार हुई थीं। उस समय उनकी उम्र 21 साल थी और वह पांच महीने की गर्भवती थीं। इस घटना में उनकी तीन साल की बेटी समेत परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में दोषी ठहराए गए दोनों लोग उन 11 आरोपियों में शामिल हैं, जिन्हें समय से पहले रिहा किया गया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2024 में इन सभी 11 दोषियों की समयपूर्व रिहाई के फैसले को रद्द कर दिया था।















