नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। इतना ही नहीं, यह उनका पहला विदेशी दौरा भी है। 22 और 23 नवंबर को होने वाली इस यात्रा के दौरान बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इस अवसर पर वह दोनों भारतीय नेताओं को नेपाल की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी दो खास मूर्तियां भेंट करेंगे।
बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रातो मच्छिंद्रनाथ की मूर्ति उपहार में देंगे, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को काठमांडू के चाबाहिल स्थित चारुमति विहार से जुड़ी एक मूर्ति भेंट की जाएगी। दोनों उपहारों का संबंध नेपाल के प्राचीन इतिहास और धार्मिक परंपराओं से है।
पीएम मोदी को भेंट करेंगे रातो मच्छिंद्रनाथ की मूर्ति
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रातो मच्छिंद्रनाथ की मूर्ति भेंट करेंगे। रातो मच्छिंद्रनाथ नेपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। काठमांडू घाटी में उन्हें प्रमुख देवता के रूप में पूजा जाता है।
पारंपरिक नेपाली मान्यताओं के मुताबिक, लिच्छवि राजवंश के राजा नरेंद्र देव रातो मच्छिंद्रनाथ को वर्तमान असम क्षेत्र से काठमांडू घाटी लेकर आए थे। नेपाल में इस देवता का विशेष धार्मिक महत्व है और उनकी परंपरा सदियों पुरानी मानी जाती है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मिलेगी चारुमति विहार से जुड़ी मूर्ति
बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को चारुमति विहार से जुड़ी एक मूर्ति भी भेंट करेंगे। यह विहार नेपाल की राजधानी काठमांडू के चाबाहिल इलाके में स्थित है। इसका ऐतिहासिक संबंध मौर्य सम्राट अशोक और उनकी बेटी चारुमति से बताया जाता है।
पारंपरिक कथाओं के अनुसार, सम्राट अशोक अपनी बेटी के साथ काठमांडू घाटी पहुंचे थे। बाद में चारुमति ने वहां के स्थानीय राजकुमार देवपाल से विवाह किया और देवपाटन क्षेत्र में रहने लगीं। मान्यता है कि चारुमति ने ही इस इलाके में विहार की स्थापना कराई थी। कहा जाता है कि इसी स्थान पर उनका निधन भी हुआ था।
पीएम मोदी के निमंत्रण पर भारत आए बालेन शाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22-23 नवंबर को भारत की यात्रा कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस सप्ताह की शुरुआत में जारी बयान में कहा था कि यह दौरा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय बातचीत की परंपरा को आगे बढ़ाता है। यह भारत की नेबरहुड फर्स्ट नीति के तहत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को भी दर्शाता है।
मंत्रालय ने आगे कहा, “इससे द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने तथा आपसी लाभ वाले सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा.”
भारत के लिए क्यों अहम है नेपाल?
दक्षिण एशिया में नेपाल का भारत के लिए रणनीतिक महत्व है। दोनों देशों के नेता अक्सर अपने पुराने सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को रेखांकित करते हैं। इन रिश्तों को आमतौर पर ‘रोटी-बेटी’ के संबंधों के रूप में भी जाना जाता है।
नेपाल चारों तरफ से जमीन से घिरा हुआ देश है और व्यापार तथा ट्रांजिट के लिए काफी हद तक भारत पर निर्भर रहता है। नेपाल का अधिकांश आयात भारत से होता है या भारतीय क्षेत्र के रास्ते पहुंचता है। इसके अलावा समुद्र तक पहुंचने के लिए भी नेपाल को भारतीय क्षेत्र का इस्तेमाल करना पड़ता है। ऐसे में बालेन शाह की यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।














