भारत को बुलडोजर, क्रेन और टनल बोरिंग मशीनों के निर्माण का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने अहम कदम उठाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार (25 नवंबर) को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कुल 19,934 करोड़ रुपये के पांच बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई. इनमें इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने वाली 11,000 करोड़ रुपये की योजना सबसे अहम मानी जा रही है.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी. इन फैसलों में तमिलनाडु में नया कंटेनर टर्मिनल, असम में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और डाक विभाग से जुड़ी योजनाएं भी शामिल हैं.
बुलडोजर और क्रेन बनाने के लिए 11,000 करोड़ की योजना
केंद्र सरकार ने देश में बुलडोजर, क्रेन, टनल बोरिंग मशीनों समेत अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है. इसका उद्देश्य इन मशीनों के घरेलू उत्पादन को बढ़ाना और आयात पर निर्भरता कम करना है.
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की मांग लगातार बढ़ रही है. ऐसे में इनका निर्माण भारत में करना मेक इन इंडिया अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस योजना को आठ साल के लिए तैयार किया गया है.
तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
कैबिनेट ने तमिलनाडु स्थित कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को भी मंजूरी दी है. इस परियोजना पर 4,288 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इससे बंदरगाह की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
असम के सिलचर में 2,014 करोड़ से बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
पूर्वोत्तर क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए असम के सिलचर स्थित डोलू में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाया जाएगा. इस परियोजना के लिए 2,014 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नया एयरपोर्ट बराक घाटी और आसपास के पूर्वोत्तर क्षेत्रों को हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगा.
फिलहाल सिलचर एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की देखरेख में है. यहां 70 एकड़ में फैले हिस्से से नागरिक विमान सेवाओं का संचालन किया जाता है. नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र में हवाई सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है.
डाक विभाग के लिए भी 2,632 करोड़ रुपये मंजूर
कैबिनेट ने डाक विभाग से जुड़ी दो योजनाओं को भी स्वीकृति दी है. पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम के लिए 1,141 करोड़ रुपये और एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम के लिए 1,491 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इन दोनों योजनाओं के लिए कुल 2,632 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
मेक इन इंडिया पर क्या बोले अश्विनी वैष्णव?
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “पहला मेक इन इंडिया से जुड़ा हुआ फैसला है. कंस्ट्रक्शन और इंफ्रा इक्विपमेंट की जरूरत बढ़ती जा रही है. इनका निर्माण भारत में कैसे हो ये मेक इन इंडिया का अहम हिस्सा है. एक लाख करोड़ की डिमांड है. काफी आयात होता .इसमें आधे से ज्यादा भारत में निर्माण हों उद्देश्य है. 8 साल की योजना बनाई गई है. कुल 11 हजार करोड़ की योजना है.”
सरकार की इस योजना का मुख्य लक्ष्य देश में इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों का उत्पादन बढ़ाना है, ताकि बढ़ती घरेलू मांग को भारतीय कंपनियों के जरिए पूरा किया जा सके और आयात पर निर्भरता कम हो.















