12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश एक ऐतिहासिक आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्यभर के लाखों विद्यार्थियों को योग से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार प्रदेश के 1.32 लाख परिषदीय विद्यालयों के करीब 1.42 करोड़ छात्र-छात्राएं और 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 78 हजार से अधिक छात्राएं सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेंगी।
21 जून को स्कूलों में होगा भव्य योग आयोजन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को प्रदेशभर के विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अभिभावक भी शामिल होंगे। आयोजन की निगरानी और समन्वय के लिए शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयास इस वर्ष भी बड़े स्तर पर दिखाई देंगे। गांवों से लेकर शहरों तक विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर नजर आएंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग ने जारी किए दिशा-निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में बेसिक शिक्षा विभाग ने योग दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयुष मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश के सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं।
विभाग का उद्देश्य केवल एक दिन का आयोजन करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में योग के माध्यम से स्वस्थ आदतों और सकारात्मक जीवनशैली को स्थायी रूप से स्थापित करना है।
योगाभ्यास, प्राणायाम और जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित
बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास के साथ प्राणायाम और योग के महत्व पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इसके अलावा अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया है, ताकि योग का संदेश समाज के हर वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
नई पीढ़ी को स्वस्थ और आत्मविश्वासी बनाने पर फोकस
पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में योग को शिक्षा और जनस्वास्थ्य से जोड़ने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। विद्यालयों में नियमित योग गतिविधियों को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, बेहतर स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
21 जून का यह विशाल आयोजन न केवल योग की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा, बल्कि नई पीढ़ी को स्वस्थ, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने के संकल्प को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।














