Narendra Modi और Marco Rubio के बीच दिल्ली में अहम मुलाकात हुई। चार दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री मोदी से कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने शेयर की मुलाकात की तस्वीरें
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि, “श्री मार्को रूबियो का स्वागत करके मुझे खुशी हुई है.”
पीएम मोदी ने आगे कहा, “हमने भारत-यूएस व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में लगातार हो रही प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. भारत और अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करते रहेंगे.”
व्हाइट हाउस आने का दिया न्योता
बैठक के दौरान कई अहम द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक Marco Rubio ने प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका आने और व्हाइट हाउस विजिट का निमंत्रण भी दिया।
इस हाई लेवल मीटिंग में S. Jaishankar, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार Ajit Doval समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अमेरिकी राजदूत ने क्या कहा?
Sergio Gor ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बैठक की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के साथ बैठक में शामिल होकर अच्छा लगा। उनके मुताबिक इस दौरान सुरक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण तकनीकी क्षेत्रों में भारत और अमेरिका के सहयोग को और गहरा करने पर सार्थक चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और दोनों देश कई अहम क्षेत्रों में साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
अगले चार दिन ऐसा रहेगा मार्को रुबियो का कार्यक्रम
Marco Rubio चार दिन के भारत दौरे पर पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पीएम मोदी से मुलाकात के बाद 24 मई को सुबह 11:30 बजे उनकी मुलाकात विदेश मंत्री S. Jaishankar के साथ दिल्ली के Hyderabad House में होगी।
इसके बाद शाम 6:20 बजे वह अमेरिकी दूतावास के स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल होंगे।















