जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शनों से सीख लेनी चाहिए और युवाओं की आवाज को समझना चाहिए।
महबूबा मुफ्ती ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए जौहर विश्वविद्यालय के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “जौहर विश्वविद्यालय जैसे शिक्षण संस्थान को नष्ट करना केवल नफरत और बदले की भावना को दर्शाता है. सीएम योगी को जंतर-मंतर से सबक लेना चाहिए और देखना चाहिए कि देश के युवा नफरत और विभाजन की राजनीति को किस तरह खारिज कर रहे हैं, प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ खड़े हों.”
उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में खड़े हों।
जौहर विश्वविद्यालय की इमारतें गिराने के आदेश के बाद आया बयान
महबूबा मुफ्ती की यह प्रतिक्रिया रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा 15 जुलाई को मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की 40 में से 38 इमारतों को ध्वस्त करने के आदेश जारी किए जाने के बाद सामने आई है। प्राधिकरण का कहना है कि इन भवनों का निर्माण आवश्यक योजना स्वीकृति के बिना किया गया था।
विश्वविद्यालय ने आदेश पर जताई आपत्ति
विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि जिन इमारतों का निर्माण किया गया, उस समय संबंधित क्षेत्र रामपुर विकास प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता था। हालांकि, प्राधिकरण ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया और कार्रवाई का आदेश बरकरार रखा।
आजम खान का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है जौहर विश्वविद्यालय
रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2006 में उत्तर प्रदेश विधानमंडल के एक अधिनियम के तहत की गई थी। यह विश्वविद्यालय समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जाता है।
हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में विश्वविद्यालय भूमि अतिक्रमण और पट्टे की शर्तों के कथित उल्लंघन से जुड़े कई कानूनी विवादों में घिरा रहा। उत्तर प्रदेश सरकार विश्वविद्यालय की बड़ी संपत्ति अपने कब्जे में ले चुकी है। वहीं, इस वर्ष की शुरुआत में आजम खान ने विश्वविद्यालय का संचालन करने वाले न्यास से औपचारिक रूप से स्वयं को अलग कर लिया था।














