प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे और सीआरपीएफ जवानों के बीच दिए गए भाषण पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सीआरपीएफ के जवानों के चेहरे ही बता रहे थे कि उन्हें पीएम मोदी की बातों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने एक बार फिर प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती देते हुए देशद्रोह और विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने के मुद्दे पर सवाल उठाए।
राहुल गांधी ने CRPF जवानों को लेकर क्या कहा?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘प्रिय सीआरपीएफ के जवानों, आपके चेहरों ने सब बता दिया. आपको प्रधानमंत्री के झूठ पर भरोसा नहीं.’
उन्होंने प्रधानमंत्री के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें राहुल गांधी और उनके साथियों को नक्सली कहा गया था। राहुल ने कहा, ‘उन्होंने हमें नक्सली कहा. मेरी चुनौती कायम है. वो मुझसे बहस करें. देशद्रोही कौन हैं. विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन चल रहा है. कोई भी समय, किसी भी जगह. मेरी गारंटी. उस बहस के बाद प्रधानमंत्री में एक भी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं होगी.’
बस्तर में CRPF जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे थे PM मोदी
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करणपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पहुंचे थे। यहां उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों के साथ दिवाली मनाई और उन्हें संबोधित किया। इसी दौरान पीएम मोदी ने नक्सलवाद और देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर अपनी बात रखी थी।
‘दिमागी नक्सलियों ने कई संगठनों पर कब्जा कर लिया’
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘हमें एक बात याद रखनी चाहिए. नक्सली खत्म हो गए हैं. लेकिन खतरा अभी टला नहीं है. जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया तो हो गया, लेकिन दिमागी नक्सलियों ने कई संगठनों पर कब्जा कर लिया है.’
पीएम मोदी ने कहा कि नक्सलवाद का खतरा केवल जंगलों तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, कुछ लोग अब भी देश के संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को भड़काने का काम कर रहे हैं।
राजनीतिक दलों और संगठनों में घुसपैठ का भी लगाया आरोप
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में आगे कहा कि ऐसे लोगों ने कई राजनीतिक दलों और अलग-अलग संगठनों में भी घुसपैठ कर ली है। उन्होंने कहा कि इनकी पहचान करना, इन्हें हराना और देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
पीएम मोदी के इसी बयान पर राहुल गांधी ने पलटवार किया है। दोनों नेताओं के बीच नक्सलवाद, देश की सुरक्षा और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।














