सिख धर्म के संस्थापक गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने के लिए सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब गई पंजाब की एक भारतीय महिला के लापता होने के बाद हड़कंप मच गया था। अब इस पूरे मामले में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है।
लापता महिला सरबजीत कौर (पंजाब के कपूरथला जिले की निवासी) ने पाकिस्तान में ही धर्म परिवर्तन कर लिया है और लाहौर में एक पाकिस्तानी शख्स से निकाह (शादी) कर ली है।
सरबजीत कौर ने रखा नया नाम ‘नूर हुसैन’
सामने आई जानकारी के अनुसार, सरबजीत कौर ने अपना नाम बदलकर नूर हुसैन रख लिया है। उसका निकाहनामा और पासपोर्ट की प्रति भी सामने आई है। सरबजीत ने नई आबादी शेखूपुरा के रहने वाले नासिर हुसैन से निकाह किया है।
- यात्रा का विवरण: भारतीय रिकॉर्ड के अनुसार, सरबजीत कौर 4 नवंबर को 1,922 तीर्थयात्रियों के एक समूह के साथ अमृतसर में अटारी सीमा के रास्ते पाकिस्तान गई थीं। इस जत्थे का नेतृत्व अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज कर रहे थे।
- लापता होना: पाकिस्तान के अलग-अलग गुरुद्वारों में 10 दिन बिताने के बाद यह जत्था गुरुवार शाम को भारत लौट आया। भारत में प्रवेश के समय इमिग्रेशन रिकॉर्ड में सरबजीत का नाम समूह से लापता था, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
जांच एजेंसियां कर रहीं हैं पड़ताल
लापता होने के बाद भारत में खुफिया एजेंसियां उसके ठिकाने का पता लगाने की कोशिश कर रही थीं। भारत सरकार के सूत्रों ने IANS न्यूज एजेंसी को जानकारी दी है कि पाकिस्तान स्थित भारतीय मिशन पाकिस्तानी अधिकारियों के संपर्क में है।
बता दें कि सरबजीत पहले ही अपने पति से अलग हो चुकी थीं। उनके पूर्व पति करनैल सिंह करीब 30 सालों से इंग्लैंड में रह रहे हैं और उनके दो बेटे भी हैं।














