दल-बदल रोधी कानून में सुधार की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका (PIL) पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की है। मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस कानून में बदलाव को लेकर केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और विधि आयोग से उनका पक्ष रखने को कहा है। अदालत ने कानून एवं न्याय मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि कुछ जनप्रतिनिधि अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए रणनीतिक तरीके से इस्तीफा दे रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को जारी किया नोटिस
CJI सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने दल-बदल रोधी कानून में व्यापक सुधार की मांग वाली याचिका पर सुनवाई की। अदालत ने चुनाव आयोग और विधि आयोग के अलावा कानून एवं न्याय मंत्रालय तथा संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
यह जनहित याचिका सामाजिक कार्यकर्ता ए. सेतु ने दायर की है। वकील आर. सतीश कुमार और जतिन के माध्यम से दाखिल याचिका में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के इस्तीफों के कथित दुरुपयोग पर चिंता जताई गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि इस्तीफों के जरिए दल-बदल रोधी कानून के तहत होने वाली अयोग्यता की कार्रवाई से बचने और निर्वाचित सरकारों के अस्तित्व को प्रभावित करने की कोशिश की जा सकती है।
अयोग्यता से बचने के लिए ‘रणनीतिक इस्तीफों’ का आरोप
याचिका में संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत होने वाली कार्रवाई से बचने के लिए सांसदों और विधायकों की ओर से दिए जाने वाले कथित ‘रणनीतिक इस्तीफों’ पर रोक लगाने की मांग की गई है।
याचिका के मुताबिक, जिन विधायकों के खिलाफ अयोग्यता की कार्रवाई लंबित होती है या जिन्हें ऐसी कार्रवाई शुरू होने की आशंका रहती है, वे अक्सर अध्यक्ष या सभापति के गुण-दोष के आधार पर फैसला लेने से पहले ही इस्तीफा दे देते हैं। आरोप है कि इस तरीके का इस्तेमाल राजनीतिक गठजोड़ बदलने, विधानसभा के संख्या बल को प्रभावित करने और जनप्रतिनिधियों को दल-बदल रोधी कानून के परिणामों से बचाने के लिए किया जा सकता है।
दल-बदल और इस्तीफे पर समयबद्ध फैसले की मांग
PIL में इस्तीफों और अयोग्यता से जुड़ी कार्यवाही पर समयबद्ध, तर्कसंगत और पारदर्शी निर्णय सुनिश्चित करने के निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। इसके साथ ही अध्यक्ष-केंद्रित निर्णय व्यवस्था की संस्थागत समीक्षा की मांग भी उठाई गई है।
याचिका में यह स्पष्ट करने की मांग की गई है कि त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में सरकार बनाने के लिए बहुमत का परीक्षण केवल विधिवत गठित सदन के पटल पर ही होना चाहिए। इसके लिए संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत सदस्यों को शपथ दिलाए जाने के बाद सदन में बहुमत परीक्षण कराने की बात कही गई है। याचिकाकर्ता का कहना है कि संसद या विधानसभा के बाहर समर्थन पत्रों अथवा प्रदर्शनों के आधार पर बहुमत का दावा स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
अयोग्यता की कार्रवाई के दौरान इस्तीफा देने पर भी फैसला जरूरी
याचिका में मांग की गई है, ‘‘यह घोषित किया जाए और निर्देश दिया जाए कि यदि किसी सांसद या राज्य विधानसभा के सदस्य के खिलाफ संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की कार्यवाही लंबित है या उसके शुरू होने की उचित आशंका है, तो ऐसे समय में दिया गया इस्तीफा अपने आप अयोग्यता की कार्यवाही को समाप्त नहीं करेगा और न ही उसे निष्प्रभावी बनाएगा.
साथ ही, अध्यक्ष या सभापति को इस्तीफे की स्वैच्छिकता और वास्तविकता तथा अयोग्यता संबंधी याचिका, दोनों पर वस्तुनिष्ठ साक्ष्यों के आधार पर तर्कसंगत आदेश दर्ज करना होगा.’’
याचिका में विधानसभा अध्यक्षों और सभापतियों को निर्देश देने की मांग भी की गई है कि वे इस्तीफों की स्वैच्छिकता और वास्तविकता की जांच वस्तुनिष्ठ साक्ष्यों के आधार पर करें और इस पर तर्कसंगत आदेश पारित करें। साथ ही, इस्तीफे के बावजूद लंबित अयोग्यता संबंधी कार्यवाही पर स्वतंत्र रूप से फैसला लेने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।














