Swami Avimukteshwarananda on PM Modi: ‘गौ माता संकल्प यात्रा’ के तहत बुधवार (24 सितंबर, 2025) को गयाजी पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीते 12 सालों में गाय की रक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा,
“बीजेपी सरकार ने बहुत आक्रामक शैली में वचन दिया था। ऐसा लगा था कि ये हिंदुओं के लिए ही खड़े हो रहे हैं। हमारे जैसे हिंदुओं ने भी उन पर भरोसा किया। एक टर्म, दो टर्म और अब तीसरा टर्म… इतने दिनों में साफ हो गया कि पीएम मोदी की बातें सिर्फ हवा-हवाई थीं।”
“गौ के लिए ठोस कदम नहीं, सिर्फ माहौल”
उन्होंने आगे कहा,
“गौ के लिए 12 सालों में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बस माहौल बनाया गया है। उनकी एक उपलब्धि यही है कि देश में हिंदू माहौल डलवा दिया, लेकिन हिंदुओं के लिए वास्तव में क्या किया, ये आज तक पता नहीं।”
“कांग्रेस से मिले होने का आरोप लगा दो…”
मीडिया से बातचीत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा,
“आप भी आरोप लगा दो कि हम कांग्रेस से मिले हुए हैं। लेकिन बताइए, जिस तरह हम गाय के लिए लड़े हैं, क्या कांग्रेस खड़ी रही है?”
“भारत में गौ माता, पशु नहीं”
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि वे बिहार के हर जिला मुख्यालय का दौरा कर रहे हैं ताकि गौ रक्षा का संदेश दे सकें। उन्होंने कहा,
“भारत गाय को पशु नहीं मानता। धार्मिक शास्त्रों में भी गौ को कभी पशु नहीं माना गया, हमेशा माता का दर्जा दिया गया है। अंग्रेजों के समय से गाय को काटने और खाने की परंपरा शुरू हुई।”
बिहार चुनाव में सियासी शंखनाद
गौ माता संकल्प यात्रा के जरिए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने ऐलान किया है कि बिहार विधानसभा चुनाव की सभी 243 सीटों पर गौभक्त प्रत्याशी उतारेंगे। इस ऐलान से बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है।














