उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) 2027 की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 17 नवंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी तरह का संशोधन कराने के लिए 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं, इन दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर तक किया जाएगा।
4 जनवरी को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट
संशोधित कार्यक्रम के तहत दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची यानी फाइनल वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। इस बदलाव के बाद मतदाताओं को ड्राफ्ट सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने के लिए निर्धारित समय मिलेगा।
403 विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट का होगा रिवीजन
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) 2027 की समय-सारिणी में संशोधन किया गया है।
इस प्रक्रिया के तहत प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट को अपडेट किया जाएगा। मतदाता ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम और विवरण की जांच कर सकेंगे तथा किसी तरह की गड़बड़ी होने पर निर्धारित समयसीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।













