उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन में यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। केशी घाट पर एक स्टीमर अचानक पलट गया, जिसमें दो दर्जन से अधिक लोग सवार थे। इस हादसे में अब तक 10 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
CM योगी ने जताया दुख, दिए सख्त निर्देश
घटना पर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।
PM मोदी ने भी जताई संवेदना
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी इस दुखद हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा,
“जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं, स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है.”
लुधियाना से आए थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक पंजाब के लुधियाना से करीब 30 श्रद्धालुओं का दल मथुरा-वृंदावन दर्शन के लिए आया था। ये सभी यमुना नदी में नौका विहार के लिए स्टीमर पर सवार हुए थे, तभी यह हादसा हो गया। उस वक्त नाव में 25 से अधिक लोग मौजूद थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, कई लोग लापता
जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह के अनुसार, अब तक 16-17 लोगों को स्थानीय गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। कई लोगों की तलाश अभी भी जारी है। गाजियाबाद से NDRF टीम को बुलाया गया है और मथुरा छावनी से भी मदद ली जा रही है।
मौके पर डीएम, एसएसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है।
अस्पतालों में अलर्ट, मौके पर अफरा-तफरी
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। घाट पर एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात कर दी गई है। सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके।
हादसे की वजह की होगी जांच
फिलहाल प्राथमिकता राहत और बचाव कार्य पर है। हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच बाद में की जाएगी। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।














