Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार में जुटे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार (29 अक्टूबर) को भोजपुर जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए आरजेडी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी राकेश रंजन ओझा के समर्थन में जनता से एनडीए को जिताने की अपील की और कहा कि “जो पशुओं का चारा खा जाए, वह मनुष्य का हक भी डकार जाता है।”
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा कि यह वाक्य आरजेडी के 15 साल के शासन पर कटाक्ष है, जब बिहार में भ्रष्टाचार, अपराध और पलायन चरम पर था। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि बिहार को फिर उस अंधकारमय दौर में नहीं लौटने देना चाहिए।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है और बिहार भी विकास के नए रास्ते पर है। उन्होंने बताया कि अब बिहार में परिवर्तन साफ दिख रहा है — जहां पहले लोग पलायन करते थे, वहीं आज यहां के युवा और इंजीनियर देश के विकास में योगदान दे रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। हर गरीब, किसान, माताओं-बहनों और नौजवानों को सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।”
बिहार के युवाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के युवाओं में ईश्वर प्रदत्त बुद्धि है, बस सही मंच की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत देश को दिशा देने का काम करती रही है।
सीएम योगी ने आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बिहार की पहचान संकट में थी। उस दौर में अपराध, असुरक्षा और पलायन चरम पर थे। उन्होंने कहा कि “बेटियों की सुरक्षा भगवान भरोसे थी, किसान आत्महत्या कर रहे थे और व्यापारी भय में जी रहे थे।”
नीतीश कुमार की सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि 2005 के बाद बिहार ने विकास की नई दिशा पकड़ी। डबल इंजन की सरकार ने बीते 20 सालों में बिहार को माफियाराज से मुक्त कर नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
अपने भाषण के अंत में योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील की कि बिहार के विकास की गति को थमने न दें। उन्होंने कहा, “डबल इंजन की सरकार बुलेट ट्रेन की स्पीड से बिहार को आगे बढ़ा सकती है, इसलिए बीजेपी और एनडीए को दोबारा विजयी बनाएं।”











