Bilaspur Train Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार (4 नवंबर, 2025) को हुए भीषण रेल हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। जयराम नगर स्टेशन के पास गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू लोकल ट्रेन और एक मालगाड़ी की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रेलवे ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक मुआवजे की घोषणा की है।
मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, घायलों को 5 लाख तक मुआवजा
भारतीय रेलवे ने हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 5 लाख रुपये, और सामान्य रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दिया आधिकारिक बयान
रेल हादसे के बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने एक बयान जारी करते हुए कहा,
“आज (4 नवंबर, 2025) को बिलासपुर स्टेशन के पास एक मालगाड़ी और मेमू लोकल के बीच अप्रत्याशित टक्कर हुई है। दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है — मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 5 लाख रुपये और सामान्य रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।”
रेलवे ने आगे कहा कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता और समन्वय प्रदान किया जा रहा है।
हादसे की होगी उच्चस्तरीय जांच
रेल प्रशासन ने कहा कि इस दुर्घटना की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (Commissioner of Railway Safety) के स्तर पर कराई जाएगी, ताकि कारणों का पता लगाकर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
रेलवे ने जारी किए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए रेलवे ने निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं —
बिलासपुर: 7777857335, 7869953330
चांपा: 8085956528
रायगढ़: 9752485600
पेंड्रा रोड: 8294730162
कोरबा: 7869953330
उसलापुर: 7777857338
रेलवे ने कहा कि यात्री या उनके परिवारजन इन नंबरों पर संपर्क करके आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
रेल प्रशासन ने यह भी बताया कि राहत और सहायता कार्य लगातार जारी हैं और सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।














