Bihar Election 2025: बिहार में चुनावी माहौल चरम पर है। पहले चरण के मतदान से ठीक पहले राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज़ हो गया है। मंगलवार (4 नवंबर) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखीसराय में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस-राजद गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “जंगलराज और गुंडाराज कांग्रेस-राजद की पहचान है” और एनडीए ही सुशासन और विकास का प्रतीक है।
“लखीसराय से ज़्यादा सिंदूर की कीमत कौन जान सकता है” – योगी आदित्यनाथ
सभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,
“लखीसराय से ज़्यादा सिंदूर की कीमत कौन जान सकता है? प्रधानमंत्री मोदी ने सिंदूर की रक्षा के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया और भारत की बहनों के दुश्मनों के खिलाफ इस्तेमाल की जाने वाली बंदूकें और मिसाइलें लखनऊ में हमारे द्वारा बनाई गईं।”
उन्होंने कहा कि आज भारत की सीमाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हैं और देश की रक्षा शक्ति लगातार मज़बूत हो रही है।
“यही फर्क है जंगलराज और सुशासन में”
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में बिहार के अतीत की ओर इशारा करते हुए कहा,
“पहले बिहार के युवाओं को पहचान के संकट का सामना करना पड़ता था। गरीबों तक कल्याणकारी योजनाएं नहीं पहुंचती थीं। विकास कार्य ठप थे। यही फर्क है — जंगलराज और सुशासन में।”
उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने बिहार में विकास की नई दिशा दी है और अब हर जिले में सड़क, रेल और एयरपोर्ट जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं।
“राजद-कांग्रेस ने किया जनता के धन का दुरुपयोग”
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और राजद पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा,
“इन दलों ने भाई-भतीजावाद और वंशवाद की राजनीति से प्रेरित होकर जनता के धन का दुरुपयोग किया। उस दौर में बिहार के युवाओं के सामने नौकरी का संकट था, किसान पलायन को मजबूर थे, श्रमिक भटक रहे थे और व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे। बहनों और बेटियों की इज्जत तक दांव पर लगी थी।”
“जिन्होंने बिहार को लूटा, वही फिर जंगलराज लाना चाहते हैं”
योगी ने कहा कि 2005 में बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक मजबूत एनडीए सरकार को चुना, जिससे राज्य में विकास की नींव पड़ी।
उन्होंने कहा,
“पिछले 20 वर्षों में बिहार ने विकास की दिशा पकड़ी है। अब यहां सड़कों, रेल और एयर कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है। बिहार का उत्पादन वैश्विक बाजार में जा रहा है और अन्नदाता को अधिक लाभ मिल रहा है।”
सभा के अंत में उन्होंने विपक्ष पर सीधा प्रहार करते हुए कहा,
“जिन्होंने बिहार को लूटा, वही आज फिर खानदानी माफियाओं को साथ लेकर जंगलराज वापस लाना चाहते हैं। लेकिन बिहार की जनता इस बार उन्हें करारा जवाब देगी।”














