आगरा। कालिंदी विहार स्थित निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय बुद्धा पार्क के विकास, रखरखाव और सौंदर्यीकरण को लेकर भारतीय जाटव समाज ने महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। गुरुवार, 13 नवंबर को भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय के साथ पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्क के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर सहमति बनी।

दिसंबर तक प्रस्तावित कार्य पूरे कराने पर जोर
सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्क के निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने, निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और वित्तीय वर्ष के भीतर परियोजना का हस्तांतरण सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वीकृत डीपीआर के अनुसार दिसंबर माह तक प्रस्तावित कार्यों और अब तक हुई प्रगति का तुलनात्मक विवरण तैयार कर नगर आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि शेष कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा सके।
गेट, बाउंड्रीवाल और ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
निरीक्षण के दौरान कालिंदी विहार पश्चिमी गेट की क्षतिग्रस्त स्थिति सामने आई। इस पर गेट और बाउंड्रीवाल की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा पार्क में उगी अनावश्यक झाड़ियों की कटाई-छंटाई, साफ-सफाई और क्षतिग्रस्त टाइल्स को ठीक कराने पर भी जोर दिया गया।
भगवान बुद्ध के सांची द्वार पर लगे पत्थरों को तकनीकी मानकों के अनुरूप व्यवस्थित ढंग से स्थापित कराने का सुझाव भी दिया गया। वहीं, वर्षा जल निकासी के लिए उचित व्यवस्था, नालियों एवं ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण और जलभराव वाले स्थानों पर मिट्टी का भराव कराने की मांग रखी गई।
दूरबीन से दिखेगा ताजमहल, लगाए जाएंगे पंचशील फ्लैग
भारतीय जाटव समाज के प्रतिनिधियों ने पार्क में उच्च क्षमता वाली दूरबीन स्थापित कराने का सुझाव दिया, जिससे यहां आने वाले पर्यटक ताजमहल के मनमोहक दृश्य का आनंद ले सकें।
पार्क में भारतीय जाटव समाज के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से स्मृति शिलापट्ट स्थापित कराने और उस पर संस्था का नाम अंकित कराने का प्रस्ताव भी रखा गया।
सौंदर्यीकरण के लिए साल, सागौन, नीम और बोधिवृक्ष सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाने तथा भगवान बुद्ध के शांति, अहिंसा, समानता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पंचशील फ्लैग लगाने की मांग भी की गई।
बुद्धा पार्क बनेगा शांति और समानता के संदेश का केंद्र: उपेंद्र सिंह
भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने कहा कि बुद्धा पार्क केवल आगरा ही नहीं, बल्कि देश-दुनिया में भगवान तथागत बुद्ध के विचारों, शांति, करुणा और समानता के संदेश को प्रसारित करने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि पार्क का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए और यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक एवं पर्यटक को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए भारतीय जाटव समाज निरंतर सहयोग और प्रयास करता रहेगा।

बैठक में ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में नगर निगम के सहायक अभियंता निर्माण जीवेक, हरिओम सिंह, एसएफएआई सुरेश यादव, भारतीय जाटव समाज के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सेवानिवृत्त सहायक अधीक्षण उद्यानविद् आर.आर.पी. सिन्हा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में नगर निगम अधिकारियों और भारतीय जाटव समाज के प्रतिनिधियों ने सभी प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा बुद्धा पार्क के निर्माण, विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने पर सहमति जताई।















