आगरा। भारतीय जाटव समाज संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने 7 सितंबर को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास, कालिदास मार्ग पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम 6 सूत्रीय जनहित एवं विकास संबंधी ज्ञापन मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी एन.के. सिंह चौहान को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में संस्था के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
उपेन्द्र सिंह ने कहा कि यह ज्ञापन महज मांगों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आगरा की जनता, बौद्ध समाज, शहीद परिवारों और क्षेत्र के विकास से जुड़ी जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जाटव समाज संस्था समाज के सम्मान, महापुरुषों की विरासत के संरक्षण और जनहित के मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
बुद्धा पार्क को मिले राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान
ज्ञापन में कालिंदी विहार में विकसित हो रहे भव्य बुद्धा पार्क को पर्यटन की दृष्टि से बुद्धा सर्किट से जोड़ने की मांग की गई। उपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बुद्धा पार्क आगरा की महत्वपूर्ण पहचान बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने पार्क का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों कराने का भी आग्रह किया।
शहीद कैप्टन सुनील यादव के नाम पर मेट्रो स्टेशन की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने कारगिल युद्ध के वीर शहीद कैप्टन सुनील यादव को श्रद्धांजलि स्वरूप उनके निवास क्षेत्र के निकट स्थित ISBT मेट्रो स्टेशन का नाम “शहीद कैप्टन सुनील ISBT मेट्रो स्टेशन” रखने की मांग उठाई। उपेन्द्र सिंह ने कहा कि शहीद के नाम से स्टेशन का नामकरण युवा पीढ़ी को देशभक्ति और राष्ट्र के लिए दिए गए बलिदान से प्रेरणा देगा।
प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन का नाम हो ‘बुद्धा पार्क मेट्रो स्टेशन’
आगरा मेट्रो के दूसरे चरण में कालिंदी विहार स्थित प्रस्तावित स्टेशन का नाम “बुद्धा पार्क मेट्रो स्टेशन” रखने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। संस्था का कहना है कि इससे बुद्धा पार्क को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिलाने में मदद मिलेगी और भगवान बुद्ध के शांति, करुणा एवं समता के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा सकेगा।
पुल, जलभराव और आवासीय समस्या का मुद्दा उठाया
ज्ञापन में आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मेहरा-नाहरगंज से एत्मादपुर एवं टूंडला को जोड़ने वाले पुल के निर्माण को शीघ्र स्वीकृति देने और कार्य में गति लाने की मांग की गई। इसके अलावा ग्वालियर रोड पर लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने धनौली के निवासियों की आवासीय समस्या को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए इसके समाधान की मांग की।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए समिति की मांग
ज्ञापन में 11 जुलाई 2026 को बुद्धा विहार परिसर की नवनिर्मित दीवार गिरने की घटना का भी उल्लेख किया गया। संस्था ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी की अध्यक्षता में मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने की मांग की। साथ ही समिति में भारतीय जाटव समाज संस्था के तीन पदाधिकारियों को शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय से मिला सकारात्मक आश्वासन
मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी एन.के. सिंह चौहान ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी एवं संवेदनशील कार्यशैली के अनुरूप सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा और सकारात्मक कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा।
भारतीय जाटव समाज संस्था ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में संगठन आगरा के विकास, सामाजिक सम्मान और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सरकार के समक्ष उठाता रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।















