केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के जालंधर में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के सामने कई मुद्दे हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) आने वाला विधानसभा चुनाव सिर्फ और सिर्फ नशे के मुद्दे पर लड़ेगी। शाह ने दावा किया कि भाजपा सत्ता में आने पर 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त कर देगी।
अमित शाह ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर चिट्टे के कारोबार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद, नक्सलवाद और नॉर्थ ईस्ट में आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करके अपने वादे पूरे किए हैं और अब पंजाब से नशे को खत्म करने का लक्ष्य है।
‘नशा मुक्त पंजाब के लिए जालंधर आना मेरा परम सौभाग्य’
30 सितंबर 2026 को जालंधर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, ‘नशा मुक्त पंजाब के लिए जालंधर में आना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है. दौआब की इस भूमि को बार-बार प्रणाम करता हूं. खाने-पीने की चीजों को पंजाब का किसान भरकर देता है और था.’
उन्होंने पंजाब के जवानों और माताओं की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा, ‘आजादी की बात हो पहले का और अब, तो पंजाब का जवान मां भारती के लिए बलिदान देने के लिए हमेशा तैयार रहता था और है. पंजाब के सूबे ने सबसे ज्यादा बलिदान दिया है. पंजाब की माताओं को प्रणाम करना चाहता हूं.’
BJP ने किया 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त करने का दावा
अमित शाह ने कहा, ‘AAP की सरकार ने यहां चिट्टे के व्यापार को खुलेआम चलने दिया. यहां किसान, उद्योग, कानून, महिला सुरक्षा का मुद्दा है. भाजपा आने वाले चुनाव सिर्फ और सिर्फ नशा मुक्त पंजाब के मुद्दे पर लड़ने वाली है. मैं पंजाब की माताओं को और युवाओं से वादा करता हूं. भाजपा का समर्थन करिए, 31 दिसंबर, 2029 से पहले पंजाब को चट्टे के व्यापार से मुक्त कर देंगे. भाजपा के अध्यक्ष नितिन नबीन जी ने पठानकोट से नशा मुक्त पंजाब की यह यात्रा शुरू की थी और आज यह यहां जालंधर में समाप्त हो रही है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘ये केजरीवाल एंड कंपनी मेरे पीछे क्या कहने वाली है. हमने जो कहा है, वो करके दिखाया है. कश्मीर को आतंकवाद मुक्त करने का काम मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने किया. नक्सलवाद को खत्म करने का काम भाजपा ने किया. नार्थ ईस्ट में भी किया. अब पंजाब को चिट्टा मुक्त करने का काम हम करेंगे. ये भाजपा का वादा है. अपराधियों को चुन-चुनकर सलाखों के पीछे डालने का काम भाजपा करेगी.’
शाह बोले- नशे से पंजाब को मुक्त करना BJP का वादा
नशे के कारण जान गंवाने वालों के परिवारों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा, ‘नशे की लत के कारण जिन्होंने जान गंवाई है, मैं उनसे मिलकर आया हूं. एक मां अपने दो युवा बेटों की तस्वीर गोद में लेकर कहती है कि इसे बंद करवाओ, मेरे तो नहीं बचे, दूसरे के लाल को बचा लो और इन्हें (AAP) शर्म नहीं आती है? जो नशे में धुत होकर गुरुओं का अपमान करे, वो चिट्टे से पंजाब को मुक्त नहीं कर सकता. ये आम आदमी पार्टी (AAP) के लोग चट्टे से पंजाब को मुक्त नहीं कर सकते हैं. सिर्फ और सिर्फ भाजपा है, जो पंजाब को नशे से मुक्त कर सकती है. भाजपा सरकार ने देश भर में नशा मुक्त भारत का अभियान चलाया.’
अमित शाह ने कांग्रेस पर भी साधा निशाना
जालंधर की जनसभा में अमित शाह ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने केंद्र में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा, ‘2004 से 2014 तक केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब सिर्फ 26 लाख किलो चट्टा पकड़ा गया, लेकिन 2014 से 2024 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक करोड़ 20 लाख किलोग्राम नशा पकड़ने का काम किया गया. कांग्रेस पार्टी ने 40 हजार करोड़ के नशे का माल पकड़ने का काम किया था. वहीं, 10 साल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने 1 लाख 90 हजार करोड़ रुपये का नशे का माल जब्त किया.’
‘हम दो सालों में ही चट्टे को खत्म कर देंगे’
अमित शाह ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘पंजाब में एक बार इस निकम्मी सरकार को हटा दो, दो ही साल में हम चट्टे को समाप्त कर देंगे, पंजाब का विकास तब तक नहीं हो सकता है, जब तक पंजाब नशा मुक्त नहीं होगा. ये सरकार घोटालों की सरकार बनकर रह गई है. हर महीने 40 करोड़ से ज्यादा उगाही का खर्चा है.’
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘भगवंत मान आपके वादे का क्या हुआ. नौकरी का क्या हुआ, कुछ नहीं हुआ. किसी में भी कुछ नहीं हुआ. आपने सभी फसलों पर MSP नहीं दिया, लेकिन हरियाणा ने कर दिया. आपने तो नशा मुक्त पंजाब का वादा करके नशे के कारोबार को दिन दुनी रात चौगुनी करके बढ़ाया है.’
‘एक बार BJP को मौका दें, नशा मुक्त पंजाब बनाएंगे’
जनसभा के दौरान अमित शाह ने लोगों से भाजपा को समर्थन देने की अपील भी की। उन्होंने कहा, ‘भाजपा को पंजाब में वोट देना है, नशा मुक्त पंजाब के लिए वोट देना है. एक बार अगले 5 साल के लिए भाजपा को मौका दे दो, हम नशा मुक्त पंजाब बनाकर देंगे.’















