पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के मौके पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर उन्हें याद किया। इस पोस्ट में उन्होंने बिना किसी सरकार का नाम लिए मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर निशाना साधा। आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों से पंडित नेहरू की विरासत को बदनाम करने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने नेहरू को भारत का महान दूरदर्शी नेता बताते हुए देश के विकास में उनके योगदान की सराहना की।
आशुतोष रांका ने अपनी पोस्ट में तिहाड़ जेल में बिताए समय का जिक्र करते हुए बताया कि उस दौरान उन्हें पंडित नेहरू की आत्मकथा पढ़ने का विशेष अवसर मिला था। उन्होंने लिखा, ”आज पंडित नेहरू की जयंती है. मुझे तिहाड़ जेल में रहने के दौरान पंडित नेहरू की आत्मकथा पढ़ने का विशेष अवसर मिला. इस किताब का आधा हिस्सा उनके जेल के समय के बारे में है. पंडित जी आज भी भारत के सबसे महान दूरदर्शी नेताओं में से एक माने जाते हैं. वह उन चुनिंदा लोगों में से थे जो 20 साल आगे की सोच सकते थे और उसके लिए समाधान निकाल सकते थे.”
नेहरू को बताया आधुनिक भारत का निर्माता
आशुतोष रांका ने पंडित जवाहरलाल नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि देश के कई बड़े शैक्षणिक संस्थानों और बुनियादी ढांचे की नींव रखने में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने नेहरू के व्यापक अंतरराष्ट्रीय अनुभव का भी उल्लेख किया और कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों की यात्राओं से मिले अनुभवों ने स्वतंत्र भारत को आकार देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने आम लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रति नेहरू की सोच की भी प्रशंसा की। आशुतोष ने लिखा, ”वे आधुनिक भारत के निर्माता थे. उन्होंने भारत के कुछ सबसे बड़े शैक्षणिक संस्थानों और बुनियादी ढांचे की नींव रखी. दुनिया भर में व्यापक रूप से यात्रा करने के कारण, उनके अनुभवों ने स्वतंत्र भारत को आकार देने में बहुत मदद की लेकिन जिस बात ने मुझे हमेशा प्रभावित किया है वह यह है कि तमाम विशेषाधिकारों के बावजूद, वे गांवों तक पहुंचे, आम लोगों के बारे में सोचा और बात की, और पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति तक पहुंचने की सच्ची चिंता की.”
सरकार पर बिना नाम लिए साधा निशाना
अपनी पोस्ट में आशुतोष रांका ने मौजूदा सरकार पर भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर पंडित नेहरू आज जीवित होते तो भारत नवाचार और अत्याधुनिक शोध के क्षेत्र में दुनिया का प्रमुख केंद्र बन चुका होता। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और देश के सांस्कृतिक-सामाजिक ताने-बाने को सुरक्षित रखने की बात भी कही।
आशुतोष रांका ने लिखा, ”अगर पंडित जी आज जीवित होते तो मुझे यकीन है कि भारत न केवल नवाचार (innovation) और अत्याधुनिक शोध का वैश्विक केंद्र बन गया होता बल्कि एक ऐसी जगह भी होता जहां जल, जंगल और जमीन का सम्मान किया जाता. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत का सांस्कृतिक और सामाजिक ताना-बाना भी सुरक्षित रहता. पिछले कुछ वर्षों में, पंडित जी की विरासत को बदनाम करने की पुरजोर कोशिशें की गई हैं लेकिन सच तो यही है कि जवाहरलाल नेहरू भारत के अब तक के सबसे महान प्रधानमंत्री रहे हैं.”
पोस्ट के अंत में उन्होंने पंडित नेहरू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए देश की ओर से उनके योगदान के प्रति आभार जताया। उन्होंने लिखा, ”जन्मदिन मुबारक हो पंडित जी। यह देश आपकी सेवाओं का हमेशा ऋणी रहेगा.”















