बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मिली प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। जीत के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अपने गठबंधन के तमाम साथियों का धन्यवाद किया है और कहा है कि बिहार की जनता ने उनकी सरकार पर एक बार फिर से भरोसा जताया है।
सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर राज्य के मतदाताओं के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “बिहार विधान सभा चुनाव-2025 में राज्यवासियों ने हमें भारी बहुमत देकर हमारी सरकार के प्रति विश्वास जताया है। इसके लिए राज्य के सभी सम्मानित मतदाताओं को मेरा नमन, हृदय से आभार एवं धन्यवाद।”
गठबंधन के सभी साथियों का किया धन्यवाद
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस शानदार जीत का श्रेय एनडीए गठबंधन की एकजुटता को दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष रूप से उल्लेख किया और उनसे मिले सहयोग के लिए उनका नमन करते हुए हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने एनडीए गठबंधन के अन्य साथियों को भी धन्यवाद दिया: “एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में पूरी एकजुटता दिखाते हुए भारी बहुमत हासिल किया है। इस भारी जीत के लिए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों- चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी एवं उपेन्द्र कुशवाहा जी को भी धन्यवाद एवं आभार।”
बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का संकल्प
जीत के बाद नीतीश कुमार ने बिहार के विकास को लेकर अपना संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा, “आप सबके सहयोग से बिहार और आगे बढ़ेगा तथा बिहार देश के सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।”














