उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अपराध और माफिया का दबदबा था, जबकि आज उत्तर प्रदेश रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि पहले अवैध हथियार बनाए जाते थे, लेकिन अब राज्य में देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।
‘पहले माफिया का बोलबाला था, अब सुरक्षा और विकास प्राथमिकता’
रविवार (5 जुलाई) को लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित भाजपा के अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों की प्राथमिकता कानून व्यवस्था नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक हित और तंत्र को मजबूत करना था।
उन्होंने कहा, “हमारे लिए राष्ट्र की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और उनके लिए अपना लूट तंत्र मजबूत करना अहम था.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश के अलग-अलग जिलों में माफिया सक्रिय थे और अवैध हथियारों का निर्माण होता था, जबकि आज उत्तर प्रदेश देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने के लिए ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का केंद्र बन रहा है।
सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष की चिंता इस बात को लेकर है कि जिन वर्गों को वे वर्षों तक जाति के आधार पर बांटते रहे, उन्हें भाजपा सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।
उन्होंने दावा किया कि अब विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह देश की आस्था और सांस्कृतिक विरासत पर सवाल उठाने का प्रयास कर रहा है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल और भाजपा के वैचारिक नेतृत्व का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष का स्वागत करते हुए राष्ट्र प्रेरणा स्थल की विशेषता का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा, “यह वही स्थल है जो भारत की आत्मा को भारत के लोगों से परिचित कराने वाले राष्ट्र के तीन महान पुरुषों – डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बना है.”
धारा 370 और अंत्योदय का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ‘एक देश में दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ का संकल्प लिया था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर पूरा किया।
उन्होंने कहा, “मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के भीतर जितनी योजनाएं चली हैं, यह देश में बिना भेदभाव के अंतिम पायदान पर बैठे गरीब के लिए समर्पित हैं और अन्त्योदय की यह प्रेरणा पंडित दीनदयाल ने दी और उनके सपने को प्रधानमंत्री मोदी ने साकार किया. आज शासन की योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव गरीब आदमी को मिल रहा है.”
अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए राजनीतिक स्थिरता बेहद जरूरी है और इसके सबसे बड़े प्रेरणास्रोत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी रहे हैं। उन्होंने कहा कि 13 दिन की सरकार गिरने के बाद भी अटल बिहारी वाजपेयी ने लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ा और देश को सुशासन व स्थिर सरकार का मॉडल दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी पिछले नौ वर्षों से डबल इंजन की सरकार इसी सोच के साथ काम कर रही है, जिसका लाभ प्रदेश के लोगों को मिल रहा है।















