महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के मौके पर संविधान सदन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्कूली बच्चों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी और राहुल गांधी के बच्चों के साथ बातचीत करते हुए वीडियो सामने आए हैं।
PM Modi ने बच्चों से की मुलाकात
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान सदन पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूली बच्चों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। बच्चों के साथ पीएम मोदी की बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद यह चर्चा में है।
इस कार्यक्रम में बच्चों के साथ प्रधानमंत्री की सहज बातचीत और मुलाकात के कई दृश्य देखने को मिले। गांधी जयंती और शास्त्री जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी कार्यक्रम में पहुंचे
संविधान सदन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल हुए। राहुल गांधी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह एक बच्ची से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में राहुल गांधी बच्ची को अपने फोन पर कुछ दिखाते हैं और इसके बाद दोनों हंसते हुए नजर आते हैं।
पीएम मोदी ने दी गांधी जयंती की शुभकामनाएं
महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ‘बापू का कालजयी संदेश हमें एक बेहतर समाज और विकसित भारत की ओर प्रेरित करता रहे.’
इससे पहले पीएम मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने गांधी समाधि पर आयोजित सर्व-धर्म प्रार्थना में भी हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने विजय घाट पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि दी।
राहुल गांधी ने महात्मा गांधी को किया नमन
राहुल गांधी ने भी महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, सत्य, अहिंसा और निर्भयता, ये बापू की सबसे बड़ी विरासत हैं. उन्होंने हमें सिखाया कि अन्याय के आगे कभी नहीं झुकना चाहिए. सत्य और अहिंसा के साथ अडिग रहना ही असली ताकत है. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर मैं उन्हें सादर नमन करता हूं.















