भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय विदेश दौरे पर पूर्वी अफ्रीकी द्वीपीय देश सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया पहुंच गए हैं। 27 से 29 जून 2026 तक चलने वाली इस राजकीय यात्रा के दौरान वह कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच रणनीतिक, कूटनीतिक और व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती देने वाली मानी जा रही है।
सेशेल्स पहुंचते ही PM मोदी का हुआ भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के आमंत्रण पर विक्टोरिया पहुंचे। उनका विमान सेशेल्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, जहां पारंपरिक तरीके से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। राजकीय सम्मान के तहत राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी की उपस्थिति में प्रधानमंत्री मोदी को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
भारतीय संस्कृति की झलक ने बनाया स्वागत को खास
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत समारोह के दौरान हवाई अड्डे पर कच्छी लोक नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति दी गई। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत और सेशेल्स में बसे भारतीय मूल के समुदाय के अपनी मातृभूमि के साथ गहरे जुड़ाव को प्रदर्शित किया। प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर वहां भारतीय समुदाय में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे चीफ गेस्ट
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि (Chief Guest) के रूप में शामिल होंगे। सेशेल्स अपनी आजादी के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है और इसी अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। विक्टोरिया पहुंचने के बाद उन्होंने राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ बॉटनिकल गार्डन का भी दौरा किया।
194 साल के विशाल कछुए को भी देखा
सेशेल्स दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसिद्ध बॉटनिकल गार्डन में मौजूद 194 साल पुराने कछुए को भी देखा। इसे दुनिया के सबसे अधिक उम्र वाले जलीय जीवों में से एक माना जाता है। वहीं, होटल पहुंचने पर सेशेल्स में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।















