उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसे समाजवादी पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है. समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल को बीजेपी की नई प्रदेश टीम में अहम जिम्मेदारी सौंपते हुए उपाध्यक्ष बनाया गया है.
गुरुवार को जारी की गई उत्तर प्रदेश बीजेपी की नई संगठनात्मक सूची में पूजा पाल का नाम उपाध्यक्षों की सूची में शामिल किया गया. राजनीतिक जानकार इसे पूर्वांचल और खासकर कौशांबी क्षेत्र में बीजेपी की रणनीतिक मजबूती के रूप में देख रहे हैं.
सपा से बगावत के बाद बढ़ी थीं चर्चाएं
पूजा पाल पहली बार उस समय सुर्खियों में आई थीं जब लोकसभा चुनाव 2024 से पहले हुए राज्यसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी लाइन से अलग जाकर बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया था. कौशांबी जिले की चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल के इस कदम ने उस समय प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी थी.
इसके बाद विधानसभा के भीतर भी कई मौकों पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्य सरकार की नीतियों की खुलकर सराहना की. लगातार बढ़ती दूरी के बाद समाजवादी पार्टी नेतृत्व ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14 अगस्त 2025 को उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था.
निष्कासन के बाद CM योगी से भी की थी मुलाकात
सपा से बाहर किए जाने के कुछ ही दिनों बाद पूजा पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद ही उनके राजनीतिक भविष्य और बीजेपी में संभावित भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं.
अब बीजेपी संगठन में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह साफ हो गया है कि पार्टी उन्हें आगामी चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका देना चाहती है.
बीजेपी की नई टीम में 19 उपाध्यक्ष
उत्तर प्रदेश बीजेपी की नई प्रदेश टीम में कुल 19 उपाध्यक्ष बनाए गए हैं. इनमें सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत, दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, डॉ. कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय और आलोक गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है.
इसके अलावा आठ महामंत्रियों की टीम में रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य, अभिजात मिश्रा, उपेंद्र रावत, संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी को शामिल किया गया है.
क्षेत्रीय अध्यक्षों और मोर्चा प्रमुखों की भी घोषणा
बीजेपी ने अपनी नई टीम में छह क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी नियुक्ति की है. पश्चिम क्षेत्र की कमान नबाब सिंह नागर, ब्रज क्षेत्र की पूरन लाल लोधी, कानपुर क्षेत्र की राम किशोर साहू, अवध क्षेत्र की अवधेश द्विवेदी, काशी क्षेत्र की अशोक चौरसिया और गोरखपुर क्षेत्र की विनोद राय को सौंपी गई है.
वहीं मीडिया एवं संचार विभाग में दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता, मनीष दीक्षित को प्रदेश मीडिया संयोजक और हिमांशु राज पंडित को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है.
2027 चुनाव से पहले राजनीतिक संदेश
बीजेपी की नई संगठनात्मक टीम को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. पूजा पाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने को विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी के लिए राजनीतिक चुनौती माना जा रहा है.
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधते हुए अपने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है. ऐसे में आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति और अधिक दिलचस्प हो सकती है.














