उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में डिटेंशन सेंटर बनाने के आदेश दे दिए हैं, जिस पर अब राजनीति शुरू हो गई है। मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद रुचि वीरा ने इस फैसले को ‘खौफ पैदा करने वाला फैसला’ बताया है।
सांसद रुचि वीरा ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा:
“ये सिर्फ लोगों में खौफ पैदा करने के लिए कहा जा रहा है… यहाँ उत्तर प्रदेश में घुसपैठिये कहाँ हैं? बिहार और बंगाल की बात की जाये तो अलग बात है, हमें सरकार की मंशा सही नजर नहीं आती है।”
कॉलेज में नमाज और मंदिर-मस्जिद विवाद पर प्रतिक्रिया
महाराष्ट्र में एक कॉलेज में नमाज पढ़ने को लेकर उठे विवाद पर सपा सांसद ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा:
“पूजा या इबादत के लिए मंदिर मस्जिद बने हुए हैं, ये कोई कालेज नमाज पढ़ने के लिए नहीं है लेकिन अगर ऐसा हो भी गया तो कोई पाप तो है। ये तो अच्छा ही है जहां नमाज पढ़ी जाती है या पूजा की जाती है तो वहां माहौल अच्छा ही होता है।”
बंगाल में टीएमसी विधायक के बाबरी मस्जिद बनाने और भाजपा नेता के राम मंदिर बनाने वाले बयान पर सपा सांसद ने कहा:
“मैं ऐसे लोगों से अस्पताल पुल और सड़कें बनाने की अपील करूंगी, मंदिर मस्जिद बनाने का काम धार्मिक लोगो का है, राजनितिक लोगों को तो विकास की बात करनी चाहिए।”
दिल्ली ब्लास्ट और SIR पर भी टिप्पणी
- दिल्ली ब्लास्ट पर: दिल्ली ब्लास्ट में डॉक्टरों के शामिल होने पर उन्होंने कहा कि “जांच के बाद ही असलियत पता चलेगी, सच्चाई सामने आनी चाहिए,” और कहा कि “पढ़े लिखे लोगों से इस तरह की उम्मीद नहीं की जाती है।”
- SIR पर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर उन्होंने कहा कि “एसआईआर में समय और बढ़ा देना चाहिए ताकि लोग अपना वोटर कार्ड सही से बनवा सकें,” इसमें जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और “लोगों पर मानसिक दबाव न बनाया जाये।”
रुचि वीरा ने आजम खान के परिवार को टारगेट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की तारीख में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब एक परिवार पर 300 से अधिक मुकदमे दर्ज कर दिए गए हैं, जो दुखद है।














