अपने 90वें जन्मदिन से कुछ ही दिन पहले, 24 नवंबर 2025 को दुनिया को अलविदा कहने वाले हीमैन धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस सायरा बानो को गहरा झटका लगा है। श्मशान घाट पर एक्टर को अंतिम विदाई देने पहुंची सायरा बानो बेहद भावुक नजर आईं।
सायरा बानो ने याद किया भावुक पल
न्यूज18 शोशा से एक बातचीत के दौरान सायरा बानो ने धर्मेंद्र को याद करते हुए भावुक होकर कहा कि वह उनके परिवार के एक सदस्य जैसे थे।
सायरा बानो ने कहा, “वो परिवार के एक सदस्य जैसे थे, वो ना सिर्फ बेहद हैंडसम थे बल्कि बेहद अच्छे इंसान भी थे। वो ठीक हो रहे थे, वेंटीलेटर भी हटाने की बात चल रही थी। लेकिन ये जो हुआ उस पर कैसे यकीन करें।”
सायरा बानो के आंसू बताते हैं कि दिलीप कुमार और सायरा बानो के साथ धर्मेंद्र का एक बेहद खास बॉन्ड था।
धर्मेंद्र और सायरा बानो की जोड़ी
सायरा बानो के साथ धर्मेंद्र ने ‘साजिश’, ‘पॉकेटमार’, और ‘ज्वारभाटा’ जैसी कई कामयाब फिल्में दी थीं। हालांकि, दिलीप कुमार के साथ धर्मेंद्र ने सिर्फ एक फिल्म ‘अनोखा मिलन’ में ही काम किया था।
बता दें कि धर्मेंद्र 8 दिसंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे। एक्टर को अंतिम विदाई देने के लिए सलीम खान, सलमान खान, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और आमिर खान जैसे सुपरस्टार श्मशान घाट पहुंचे थे।














