उत्तर प्रदेश में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर योगी सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का असर मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में भी नजर आया है। जुलाई महीने की CM Dashboard Ranking में रामपुर ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले को 10 में से 9.58 अंक मिले हैं।
रैंकिंग में शाहजहांपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर रहे। संबंधित जिलाधिकारियों के अनुसार, जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, बेहतर फीडबैक तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार के प्रयासों के चलते जिलों को यह उपलब्धि मिली है।
9.58 अंक के साथ रामपुर फिर बना UP का नंबर-1 जिला
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के मुताबिक मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिलों के प्रदर्शन का आकलन कई मानकों के आधार पर किया जाता है। इसमें जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, शिकायतों पर हुई कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता और विभिन्न सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन शामिल है।
जुलाई में CM Dashboard के जरिए रामपुर की 59 योजनाओं और कार्यक्रमों की निगरानी की गई। इनमें से 56 कार्यक्रमों में जिले को A ग्रेड मिला। वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि, समाज कल्याण, पंचायती राज, लोक निर्माण, नियोजन, ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, मत्स्य, उद्योग, सहकारिता और सिंचाई समेत कई विभागों में जिले ने निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करते हुए A श्रेणी प्राप्त की।
रामपुर ने जुलाई की रैंकिंग में 9.58 अंक हासिल किए और प्रदेश में पहला स्थान पाया। खास बात यह है कि जिला पिछले कई महीनों से CM Dashboard की Top 10 Ranking में लगातार अपनी जगह बनाए हुए है।
9.43 अंक के साथ शाहजहांपुर दूसरे नंबर पर
शाहजहांपुर के जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि CM Dashboard के जरिए जिलों की प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों और राजस्व प्रबंधन समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति का मूल्यांकन किया जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जिले में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि CM Dashboard से मिलने वाली जनशिकायतों का भी तेजी से और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण किया जा रहा है। जुलाई की रैंकिंग में शाहजहांपुर को 10 में से 9.43 अंक मिले, जिसके साथ जिले ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया।
वहीं बरेली ने 9.40 अंक प्राप्त करके तीसरा स्थान हासिल किया।
Top 10 में कौन-कौन से जिले शामिल?
जुलाई की CM Dashboard Ranking में अंबेडकरनगर ने 9.34 अंक के साथ चौथा स्थान हासिल किया। मैनपुरी 9.30 अंक के साथ पांचवें और आजमगढ़ 9.27 अंक के साथ छठे स्थान पर रहा।
महाराजगंज ने 9.25 अंक हासिल कर सातवां स्थान प्राप्त किया। बुलंदशहर और बागपत दोनों ने 9.23 अंक हासिल किए और संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर रहे। लखीमपुर खीरी ने 9.20 अंक के साथ नौवां स्थान हासिल किया।
वहीं सुल्तानपुर और सोनभद्र ने 9.18-9.18 अंक प्राप्त किए और दोनों जिले संयुक्त रूप से टॉप 10 में शामिल हुए। इस रैंकिंग से साफ है कि जिलों के बीच बेहतर प्रशासनिक प्रदर्शन और जनशिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है।















